निशा भगत मौत मामला: आरोपी ज्योत्सना केरकेट्टा का बड़ा बयान, निशा उरांव और भैरव सिंह पर साधा निशाना!
रांची में निशा भगत की मौत के मामले में नामजद आरोपी ज्योत्सना केरकेट्टा पहली बार मीडिया के सामने आईं. उन्होंने निशा भगत के साथ विवाद, सोशल मीडिया पर हुई बयानबाजी और सरना-सनातन विवाद पर अपनी बात रखी. ज्योत्सना ने निशा की मौत को लेकर कई दावे किए और निष्पक्ष जांच की मांग की.

Ranchi: निशा भगत की मौत के मामले में नामजद आरोपी ज्योत्सना केरकेट्टा पहली बार कैमरे के सामने आईं. उन्होंने निशा भगत के साथ अपने विवाद, सोशल मीडिया पर हुई टिप्पणियों और आदिवासी समाज में चल रहे सरना-सनातन विवाद को लेकर अपनी बात रखी. ज्योत्सना ने कहा कि उनकी और निशा भगत की विचारधारा अलग थी, लेकिन दोनों दुश्मन नहीं थीं. उनके बीच लड़ाई सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित थी.
ज्योत्सना के मुताबिक, निशा ने उनके ऊपर कई टिप्पणियां की थीं, लेकिन उन्होंने कभी जवाब नहीं दिया. वह इसलिए बर्दाश्त करती थीं क्योंकि निशा उनके समाज की थीं. उन्होंने निशा भगत की मौत का राजनीतिक इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया. भावुक होते हुए ज्योत्सना ने कहा कि निशा को अकेलापन ले डूबा. अंतिम समय में निशा को आर्थिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा था.
निशा उरांव की संगति पर जताई नाराजगी
ज्योत्सना ने निशा उरांव की संगति को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि निशा उरांव की संगति में आने के बाद निशा भगत सरना-ईसाई और सरना-सनातन जैसे मुद्दों पर सक्रिय हो गई थीं. ज्योत्सना ने निशा उरांव की शादी को लेकर भी टिप्पणी की.
भैरव सिंह को बताया बाहरी
ज्योत्सना ने भैरव सिंह पर भी निशाना साधा और उन्हें बाहरी बताया. उन्होंने कहा कि निशा भगत की मौत के बाद अब उन्हें भी टारगेट किया जा रहा है. ज्योत्सना ने आशंका जताई कि आदिवासी समाज की दूसरी महिला नेत्री को भी निशाना बनाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने हर तरह की जांच के लिए तैयार होने की बात कही.
FIR में नामजद हैं ज्योत्सना
गौरतलब है कि निशा भगत के पिता की शिकायत पर ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. शिकायत में दोनों पर निशा को प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने से जुड़े आरोप लगाए गए हैं. पुलिस ने BNS की धारा 108 और 61(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की CBI जांच के निर्देश दिए हैं. फिलहाल ज्योत्सना के बयान और निशा भगत के पिता की शिकायत में लगाए गए आरोपों के बीच मामले की निष्पक्ष जांच महत्वपूर्ण है. FIR में नाम होना किसी की दोषसिद्धि नहीं है.

