सहरसा के सरकारी स्कूल में परोसा गया सांप वाला खाना? 12 से ज्यादा बच्चे पड़े बीमार
बिहार के सहरसा जिले में लगातार दूसरे दिन मिड-डे मील खाने के बाद बच्चों के बीमार पड़ने का मामला सामने आया है. शुक्रवार को सौरबाजार प्रखंड के कन्या मध्य विद्यालय मुरचा में भोजन करने के बाद एक दर्जन से अधिक बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई.

Saharsa: बिहार के सहरसा जिले में लगातार दूसरे दिन मिड-डे मील खाने के बाद बच्चों के बीमार पड़ने का मामला सामने आया है. शुक्रवार को सौरबाजार प्रखंड के कन्या मध्य विद्यालय मुरचा में भोजन करने के बाद एक दर्जन से अधिक बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई. बच्चों ने पेट दर्द, उल्टी और घबराहट की शिकायत की, जिसके बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. शिक्षकों और अभिभावकों की मदद से सभी बच्चों को सौरबाजार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. बच्चों और परिजनों का आरोप है कि मिड-डे मील में सांप का कांटा और शरीर का हिस्सा जैसा कुछ मिला था. हालांकि प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. इससे पहले गुरुवार को महिषी प्रखंड के मध्य विद्यालय बलुआहा में भी मिड-डे मील खाने के बाद दो दर्जन से अधिक बच्चे बीमार हो गए थे. लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद स्कूलों में भोजन की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.
बच्चों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर
सौरबाजार थाना क्षेत्र की सहुरिया पंचायत स्थित कन्या मध्य विद्यालय मुरचा में शुक्रवार को बच्चों को मध्याह्न भोजन परोसा गया था. खाना खाने के कुछ देर बाद कई बच्चों की तबीयत खराब होने लगी. बच्चों ने दावा किया कि भोजन में सांप का कांटा और शरीर का हिस्सा जैसा कुछ दिखाई दिया था. इसके बाद स्कूल में हड़कंप मच गया. परिजन भी बड़ी संख्या में स्कूल पहुंच गए. फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में बच्चों का इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
कल बलुआहा स्कूल में भी बीमार पड़े थे बच्चे
गुरुवार को महिषी प्रखंड के मध्य विद्यालय बलुआहा में भी मिड-डे मील खाने के बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी. बच्चों ने उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत की थी, जिसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. उस मामले में भी भोजन में मृत जीव जैसी संदिग्ध चीज मिलने का आरोप लगा था. लगातार दो दिनों में सामने आई घटनाओं के बाद अभिभावकों में भारी नाराजगी है. लोगों ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. प्रशासन ने भोजन के नमूनों को जांच के लिए भेजने की बात कही है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment