रांची: कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से की मुलाकात, SIR प्रक्रिया 15 दिन बढ़ाने की मांग
झारखंड में SIR प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग से मुलाकात कर 15 दिन का अतिरिक्त समय देने की मांग की है. पार्टी का कहना है कि लाखों वोटरों की मैपिंग अभी बाकी है. कांग्रेस ने ग्राम सभा से जुड़ी गाइडलाइन, वोटर अधिकार और नोटिस पाने वाले लोगों को कानूनी मदद देने का भी भरोसा दिलाया.


Ranchi: कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को चुनाव आयोग से मुलाकात कर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की. प्रतिनिधिमंडल ने SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया को 15 दिन तक बढ़ाने का आग्रह किया. प्रतिनिधिमंडल ने आयोग को बताया कि अभी तक करीब 35 लाख मतदाताओं की मैपिंग पूरी नहीं हो पाई है. ऐसे में प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा में पूरा करना मुश्किल होगा. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि समय बढ़ाया जाना जरूरी है. इसके साथ ही वर्ष 2003 की गाइडलाइन का मुद्दा भी आयोग के सामने उठाया गया, जिसे अब तक पूरी तरह लागू नहीं किए जाने की बात कही गई. उस गाइडलाइन में ग्राम सभा की भूमिका और अनुमति का उल्लेख है. प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि यदि इसमें कोई संशोधन किया गया है तो उसकी जानकारी सार्वजनिक की जाए. साथ ही उन राज्यों का डेटा भी उपलब्ध कराया जाए, जहां पहले SIR की प्रक्रिया लागू की जा चुकी है. कांग्रेस नेताओं के अनुसार आयोग ने दोनों मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया.
"वोट का अधिकार सबसे बड़ा अधिकार" : प्रदीप यादव
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि वोट का अधिकार लोकतंत्र का सबसे बड़ा अधिकार है. देश की आजादी के बाद लंबे संघर्ष के जरिए प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार मिला. उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने सभी नागरिकों को समान मतदान का अधिकार सुनिश्चित किया. इसलिए किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं कटना चाहिए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ इस मुद्दे पर खड़ी है और किसी भी व्यक्ति का वोट कटने नहीं दिया जाएगा. झारखंड में फिलहाल बारिश और खेती का मौसम है, जिसके कारण बड़ी संख्या में लोग कृषि कार्य में व्यस्त हैं. उन्होंने दावा किया कि राज्य के नौ विधानसभा क्षेत्रों में अब भी 50 प्रतिशत से कम डिजिटलीकरण हुआ है. साथ ही ग्राम सभा स्तर पर भी कई त्रुटियां सामने आई हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह प्रयास राज्य के सभी मतदाताओं के हित में है.
नोटिस मिलने पर कांग्रेस देगी कानूनी मदद : के. राजू
प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा कि SIR प्रक्रिया के दौरान जिन लोगों को नोटिस मिलेगा, उन्हें जवाब देने और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में कांग्रेस पार्टी हरसंभव सहायता देगी.
राधाकृष्ण किशोर के मुद्दे पर कांग्रेस उनके साथ
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से जुड़े विवाद पर के. राजू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि यह केवल एक मंत्री का मामला नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों के सम्मान और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा विषय है. अधिकारियों को निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का सम्मान करना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को कैबिनेट में भी उठाया जाएगा.
राज्यसभा चुनाव पर भी दिया बयान
राज्यसभा चुनाव के सवाल पर के. राजू ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट थी, लेकिन गठबंधन को हार का सामना करना पड़ा. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को विचार करना चाहिए. राज्यसभा चुनाव के परिणाम को लेकर आगे की राजनीतिक रणनीति पर फैसला गठबंधन स्तर पर लिया जाएगा.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.





Leave a comment