देवघर एयरपोर्ट पर नई पार्किंग नीति लागू, ड्रॉप-ऑफ फ्री तो कमर्शियल वाहनों से वसूले जाएंगे 80 रुपये
देवघर एयरपोर्ट पर नई पार्किंग नीति लागू. ड्रॉप-ऑफ फ्री, कमर्शियल वाहनों से पिकअप के लिए 80 रुपये शुल्क. पांच मिनट की समय-सीमा तय, नियम तोड़ने पर 500 रुपये तक जुर्माना.

Deoghar :- देवघर हवाई अड्डे पर यात्रियों की सुविधा और परिसर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से नई पार्किंग नीति के तहत संशोधित दिशा-निर्देश लागू कर दिए गए हैं. नई व्यवस्था में यात्रियों को ड्रॉप-ऑफ की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क मिलेगी. वहीं, पिकअप लेन का इस्तेमाल करने वाले वाणिज्यिक वाहनों को 80 रुपये शुल्क देना होगा. हालांकि, निजी वाहनों को पिकअप शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है.देवघर हवाई अड्डा प्रबंधन की ओर से जारी नई पार्किंग नीति के अनुसार पिकअप और ड्रॉप-ऑफ लेन में वाहनों के रुकने की अधिकतम अवधि पांच मिनट निर्धारित की गई है. इसका उद्देश्य एयरपोर्ट परिसर में वाहनों की अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करना और यात्रियों के आवागमन को निर्बाध बनाए रखना है. निर्धारित समय से अधिक वाहन खड़ा करने या लेन से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित वाहन चालक से 500 रुपये तक जुर्माना वसूला जा सकता है.
निजी वाहनों को राहत, कमर्शियल गाड़ियों पर शुल्क
नई व्यवस्था में निजी और वाणिज्यिक वाहनों के लिए अलग-अलग प्रावधान किए गए हैं. यात्रियों को छोड़ने आने वाले सभी श्रेणी के वाहनों को ड्रॉप-ऑफ लेन में कोई शुल्क नहीं देना होगा. वहीं, यात्रियों को लेने के लिए पिकअप लेन में प्रवेश करने वाले व्यावसायिक वाहनों से 80 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है. निजी वाहन इस शुल्क से मुक्त रहेंगे.
पार्किंग स्थल पर वाहन खड़ा करने का देना होगा शुल्क
हवाई अड्डा परिसर में निर्धारित पार्किंग स्थल का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों को वाहन की श्रेणी और पार्किंग की अवधि के अनुसार स्वीकृत दरों पर शुल्क देना होगा. प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित पार्किंग दरों में जीएसटी भी शामिल है. यानी पार्किंग शुल्क के अतिरिक्त जीएसटी देने की आवश्यकता नहीं होगी.
नियमों के पालन की अपील
देवघर हवाई अड्डा प्रबंधन ने यात्रियों और आम नागरिकों से नई पार्किंग नीति का पालन करने की अपील की है. साथ ही पिकअप और ड्रॉप-ऑफ लेन में अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने का आग्रह किया है. प्रबंधन का मानना है कि नई व्यवस्था से एयरपोर्ट परिसर में अनावश्यक जाम की समस्या कम होगी और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी. खासकर व्यस्त समय में वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित रखने और यात्रियों को सुरक्षित तरीके से एयरपोर्ट तक पहुंचाने तथा वहां से बाहर निकालने में यह नीति कारगर साबित हो सकती है.

