करमा पूजा के बाद कोयल नदी में बड़ा हादसा, चार युवकों की मौत; पांचवें की तलाश जारी
“पलामू के चैनपुर में करमा पूजा की सामग्री विसर्जित करने के दौरान कोयल नदी में पांच युवक डूब गए. हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि पांचवें युवक की तलाश जारी है. तेज बहाव को हादसे की वजह बताया जा रहा है.”

चैनपुर:-पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र में करमा पूजा की सामग्री विसर्जित करने के दौरान बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. बोकेया पतरिया गांव के पास कोयल नदी में पांच युवक डूब गए. हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक अब भी लापता बताया जा रहा है. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंच गए और बचाव व तलाश अभियान शुरू किया. ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद चार युवकों के शव नदी से बाहर निकाले. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल भेज दिया है. बताया जा रहा है कि सभी युवक पतरिया गांव के रहने वाले और एक ही मोहल्ले से संबंधित थे. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नदी में तेज बहाव के कारण युवक पानी की चपेट में आए. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और लापता युवक की तलाश जारी है.
करमा पूजा की सामग्री विसर्जित करने पहुंचे थे युवक
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह पतरिया गांव के पांच युवक करमा पूजा से जुड़ी सामग्री लेकर कोयल नदी पहुंचे थे. पूजा की सामग्री का विसर्जन करने के दौरान सभी नदी के पानी में गए. इसी दौरान अचानक तेज बहाव की चपेट में आने से युवक गहरे पानी में चले गए.
देखते ही देखते मच गई अफरा-तफरी
युवकों के नदी में डूबने की जानकारी आसपास मौजूद लोगों को हुई तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने तत्काल शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी. कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग नदी के किनारे जमा हो गए और अपने स्तर पर युवकों की तलाश शुरू कर दी.
चार युवकों के शव नदी से बरामद
ग्रामीणों के प्रयास से चार युवकों के शव नदी से बरामद कर लिए गए. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची. बरामद शवों को आवश्यक प्रक्रिया के लिए अस्पताल भेजा गया है. हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है.
पांचवें युवक की तलाश में जुटी पुलिस और ग्रामीण
हादसे में पांचवां युवक अभी लापता है. उसकी तलाश के लिए पुलिस के साथ स्थानीय ग्रामीण भी नदी में खोज अभियान चला रहे हैं. नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण तलाश में परेशानी आने की बात सामने आई है. पुलिस घटनास्थल की स्थिति का जायजा लेते हुए लापता युवक का पता लगाने में जुटी है.
18 से 20 वर्ष के बीच बताई जा रही उम्र
चैनपुर थाना प्रभारी लालजी के मुताबिक, हादसे में चार युवकों की मौत हुई है और एक युवक फिलहाल लापता है. स्थानीय ग्रामीण ब्रह्मदेव चौधरी ने बताया कि सभी युवक करमा पूजा की सामग्री विसर्जित करने के लिए नदी गए थे. मृतकों और लापता युवक की उम्र करीब 18 से 20 वर्ष के बीच बताई जा रही है. प्रारंभिक तौर पर तेज नदी की धारा को हादसे की वजह माना जा रहा है. पुलिस मामले की पूरी जानकारी जुटा रही है.



