बिहार ले जाने वाली शराब की खेप जब्त, नामकुम में RPF का बड़ा एक्शन
“रांची के नामकुम रेलवे स्टेशन पर RPF ने “ऑपरेशन सतर्क” के तहत बिहार ले जाने वाली 22 बोतल अवैध शराब बरामद की. आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सौंपा गया. यह कार्रवाई रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता और नियमित जांच का हिस्सा थी.”

Ranchi: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) रांची ने “ऑपरेशन सतर्क” के तहत चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए नामकुम रेलवे स्टेशन से अवैध शराब की खेप के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. नियमित चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए यह कार्रवाई की गई. पकड़े गए व्यक्ति के पास से 22 बोतल शराब बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹6,900 बताई जा रही है. आरोपी के पास शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया.
22 बोतल अवैध शराब बरामद
आरपीएफ के अनुसार, नामकुम स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में बैग के साथ खड़ा दिखाई दिया. शक होने पर टीम ने उसे रोका और बैग की तलाशी ली, जिसमें 22 बोतल अवैध शराब बरामद हुई. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह शराब स्थानीय स्तर पर खरीदी थी और ट्रेन संख्या 15027 (सम्बलपुर–गोरखपुर एक्सप्रेस) से बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी. आरपीएफ ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सौंप दिया है.

