भाजपा महिला मोर्चा को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर, महिलाओं को संगठन से जोड़ने का आह्वान
देवघर में भाजपा जिला महिला मोर्चा की संगठनात्मक बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने महिला मोर्चा को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया. उन्होंने कार्यकर्ताओं को अनुशासन, एकजुटता और सक्रियता के साथ काम करने की अपील की.

Deoghar: भारतीय जनता पार्टी देवघर जिला महिला मोर्चा की ओर से संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष विजया सिंह ने की, जबकि महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर की गई. बैठक में संगठन की मजबूती, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और पार्टी की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई.
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने महिला मोर्चा को जिला से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया. उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने और पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों से अवगत कराने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और भाजपा ने महिलाओं के सम्मान, सशक्तीकरण तथा विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं. उनके अनुसार, समाज की आधी आबादी होने के कारण महिलाओं की भूमिका संगठन को मजबूत बनाने में निर्णायक है.
सीमा सिंह ने कांग्रेस पर विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश में अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया और कार्यकर्ताओं से ऐसे मुद्दों पर पार्टी का पक्ष महिलाओं के बीच रखने की अपील की. उन्होंने नए और पुराने कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने, अनुशासन बनाए रखने तथा आपसी समन्वय और सक्रियता के साथ काम करने पर बल दिया. बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी, पूर्व विधायक नारायण दास, विशाखा सिंह, सुनीता सिंह, नवल राय, पंकज सिंह भदोरिया, विजया सिंह सहित महिला मोर्चा की कई कार्यकर्ता उपस्थित रहीं.

