लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर पलटी यात्रियों से भरी बस, 3 की मौत और 45 घायल, CM योगी ने लिया संज्ञान
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बिहार जा रही बस पलटने से 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 45 यात्री घायल हो गए. CM योगी ने हादसे का संज्ञान लेकर बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं.

Lucknow-Agra Expressway Accident:- उत्तर प्रदेश में सोमवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. इस दुर्घटना में अब तक 3 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 45 लोग घायल बताए जा रहे हैं. बस बिहार जा रही थी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
सुबह 6 बजे के आसपास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना सोमवार सुबह करीब 6 बजे से 6:30 बजे के बीच लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर पहले टोल प्लाजा के पास हुई. बताया जा रहा है कि यात्रियों से भरी बस अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क पर पलट गई. बस में सवार यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय पुलिस के साथ एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला. घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया.
3 यात्रियों की मौत, 45 लोग घायल
इस दर्दनाक हादसे में तीन यात्रियों की जान चली गई. उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक के मुताबिक, तीन घायलों को अस्पताल में मृत घोषित किया गया. इनमें दो को लोकबंधु अस्पताल और एक को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में मृत घोषित किया गया. हादसे में घायल यात्रियों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार, 31 घायलों का इलाज लोकबंधु अस्पताल में चल रहा है, जबकि 13 अन्य घायलों को KGMU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की टीम सभी घायलों का इलाज कर रही है.
CM योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
लखनऊ में हुए इस भीषण सड़क हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा है. साथ ही हादसे में प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं. सीएम योगी ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.
अस्पताल पहुंचे डिप्टी CM ब्रजेश पाठक
हादसे की जानकारी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायल यात्रियों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. ब्रजेश पाठक ने बताया कि घायलों को उनकी स्थिति के अनुसार अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं.
हादसे की वजह जानने के लिए जांच शुरू
फिलहाल बस के पलटने की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं. जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि हादसा तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ. इस दुर्घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

