बूथ से गायब मिले BLO सुपरवाइजर, उपायुक्त ने रोका वेतन; शो-कॉज का निर्देश
देवघर और मोहनपुर के आठ मतदान केंद्रों के औचक निरीक्षण में आमगाछी बूथ से बीएलओ सुपरवाइजर गायब मिले. उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मी का वेतन रोकने और शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया.

Deoghar: देवघर में विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है. बुधवार को देवघर और मोहनपुर प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों के औचक निरीक्षण के दौरान आमगाछी स्थित एक बूथ पर बीएलओ सुपरवाइजर अनुपस्थित मिले. इस पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने नाराजगी जताते हुए संबंधित सुपरवाइजर का वेतन रोकने और कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी कर्मियों को निर्धारित समय-सीमा में जिम्मेदारी के साथ कार्य पूरा करना होगा.
देवघर और मोहनपुर के आठ मतदान केंद्रों पर पहुंचकर लिया कार्यों का जायजा
औचक निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने देवघर प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 246, 247 और 248 का दौरा किया. इसके बाद मोहनपुर प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 450, 408, 409, 382 और 384 पहुंचकर निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की समीक्षा की. उन्होंने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) की संयुक्त बैठक तथा चुनाव पाठशाला के संचालन की जानकारी ली. उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मियों को मतदाता पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए. इसके लिए सभी कर्मी आपसी समन्वय के साथ काम करें.
अनुपस्थित सुपरवाइजर पर कार्रवाई, एसडीओ को शो-कॉज जारी करने का निर्देश
आमगाछी स्थित मतदान केंद्र पर बीएलओ सुपरवाइजर की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने संबंधित कर्मी को कारण बताओ नोटिस जारी करने और अगला आदेश आने तक वेतन रोकने को कहा. उपायुक्त ने दोहराया कि निर्वाचन कार्यों में लापरवाही करने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. निरीक्षण के दौरान देवघर अंचलाधिकारी अनिल कुमार, मोहनपुर अंचलाधिकारी अमृता, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी समेत निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी, बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर मौजूद थे. प्रशासन ने सभी कर्मियों को पूरी गंभीरता से जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया.

