JSCA स्टेडियम के बाहर टिकटों का काला बाजार! 500 से 5000 रुपये EXTRA तक की डीलिंग, BAWAL NEWS का स्टिंग
रांची में इंडिया-वेस्टइंडीज T20 मैच के टिकटों की कथित कालाबाजारी का मामला सामने आया है. BAWAL NEWS के स्टिंग ऑपरेशन में टिकट की मूल कीमत के अलावा 500 से 5000 रुपये तक EXTRA मांगे जाने की बातें सामने आईं.

Ranchi: झारखंड में 9 अक्टूबर को होने वाले इंडिया-वेस्टइंडीज T20 मैच को लेकर रांची में क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह है. जेएससीए स्टेडियम के टिकट काउंटर पर सुबह से ही लंबी कतारें लगीं और लोग घंटों धूप में खड़े रहे. इस दौरान स्टेडियम के बाहर टिकटों की कथित कालाबाजारी का खेल सामने आया. BAWAL NEWS की टीम ने स्टिंग ऑपरेशन के दौरान अलग-अलग लोगों से टिकटों की डीलिंग की पड़ताल की. इस दौरान 500 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक EXTRA की मांग सामने आई. कहीं 3000 रुपये के टिकट के लिए 6500 और 8000 रुपये मांगे गए, तो मोलभाव के बाद 5500 रुपये में सौदा करने की बात सामने आई. वहीं 2500 रुपये वाले टिकट के लिए 6000 रुपये और दो टिकट के लिए 10 हजार रुपये तक की मांग की गई.
काउंटर पर भीड़, बाहर शुरू हुई डीलिंग
9 अक्टूबर को होने वाले इंडिया-वेस्टइंडीज T20 मैच को लेकर टिकट खरीदने के लिए सुबह से ही जेएससीए स्टेडियम के काउंटर पर लोगों की लंबी कतार लगी थी. इनमें रेजा, कुली, दिहाड़ी मजदूर और गरीब तबके के पुरुष-महिलाएं शामिल थे. लोग 1600, 2500 और 3000 रुपये तक के टिकट खरीदने के लिए घंटों लाइन में खड़े रहे. उधर स्टेडियम के बाहर टिकटों की कालाबाजारी के लिए डीलिंग शुरू होने लगी. BAWAL NEWS की टीम को अलग-अलग लोगों से बातचीत में 500, 1000, 2000, 3000 और 5000 रुपये तक EXTRA की मांग के बारे में जानकारी मिली. दावा था कि टिकट मिल जाएगा, लेकिन उसके लिए टिकट की कीमत के अलावा अतिरिक्त रकम देनी होगी. यानी टिकट की मूल कीमत अलग और बाहर उसका कथित नया रेट अलग.
मां लाइन में, बेटा बाहर कर रहा था टिकट की डील
स्टिंग ऑपरेशन के दौरान एक युवक ने दो टिकटों के लिए 1000 रुपये EXTRA की मांग की. जब टिकट के बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि उसकी मां लाइन में खड़ी हैं और टिकट वही लेकर बाहर आएंगी. उसने पीले सूट में खड़ी महिला की तरफ इशारा करते हुए कहा कि उनसे बात कर ली जाए और पेमेंट कर दिया जाए, जिसके बाद टिकट मिल जाएगा. यानी एक तरफ महिला टिकट खरीदने के लिए कतार में खड़ी थी और दूसरी तरफ उसका बेटा बाहर उसी टिकट की डीलिंग कर रहा था. बातचीत के दौरान युवक ने अपना पता भी बताया. इस डील में एक टिकट पर 500 रुपये EXTRA की बात सामने आई, जिसे टीम की पड़ताल में सबसे कम EXTRA वाला सौदा बताया गया. इसके बाद टिकटों की कीमत को लेकर दूसरी डील सामने आई. दो युवकों से 3000 रुपये वाले टिकट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने प्रति टिकट 6500 रुपये की मांग की. जब उन्हें बताया गया कि कोई दूसरा व्यक्ति 500 रुपये EXTRA में टिकट देने की बात कर रहा है, तो उन्होंने जवाब दिया कि वहीं से टिकट ले लिया जाए. कुछ देर बाद उन्होंने 6500 रुपये की जगह 8000 रुपये की मांग की. काफी मोलभाव के बाद दोनों 3000 रुपये वाला टिकट 5500 रुपये में देने को तैयार हुए.
मोलभाव से घटा रेट, महिलाओं और युवाओं से भी टिकट की डील
स्टिंग के दौरान कई ऐसे लोग भी मिले जो कथित तौर पर टिकट के लिए ग्राहक तलाश रहे थे. कुछ लोगों ने लाइन में खड़ी महिलाओं से पहले ही डील करने की बात कही. टिकट लेकर बाहर आने के बाद कीमत को लेकर छीना-झपटी, नोकझोंक और बोली लगाने जैसी स्थिति भी सामने आई. एक अन्य मामले में 3000 रुपये वाला टिकट लेकर खड़े व्यक्ति ने 2000 रुपये EXTRA की मांग की. जब उसे बताया गया कि दूसरी जगह 500 रुपये EXTRA में टिकट मिल रहा है तो उसने धूप में लाइन में खड़े होकर टिकट खरीदने और मेहनत करने की बात कही. साथ ही उसने खुद को टिकट ब्लैक करने वाला मानने से इनकार किया. एक महिला से टिकट की कीमत पूछने पर उसने कहा कि 1000 रुपये से कम EXTRA में टिकट नहीं देगी. लेना है तो लें, नहीं तो आगे बढ़ जाएं. एक अन्य बातचीत में टिकट खरीदने और बेचने वाले के बीच 1000 रुपये EXTRA को लेकर सीधी बातचीत भी रिकॉर्ड हुई. इससे अलग एक महिला ने 2500 रुपये वाले टिकट के लिए 6000 रुपये की मांग की. मोलभाव के बाद दो टिकटों के लिए 10 हजार रुपये देने की बात सामने आई.
500 से 5000 EXTRA तक का खेल, प्रशासन के सामने बड़ा सवाल
BAWAL NEWS के स्टिंग ऑपरेशन में सामने आई बातचीत के मुताबिक टिकटों की डीलिंग में 500 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक EXTRA मांगे जाने की बातें सामने आईं. 3000 रुपये के टिकट के लिए पहले 6500 और फिर 8000 रुपये की मांग की गई, जबकि मोलभाव के बाद वही टिकट 5500 रुपये में देने की बात हुई. इसी तरह 2500 रुपये के टिकट के लिए 6000 रुपये मांगे गए और दो टिकटों के लिए 10 हजार रुपये तक की डील सामने आई. इस पूरे मामले में बड़ा सवाल यह है कि काउंटर पर टिकट खत्म होने के बाद इतनी तेजी से टिकट बाहर कथित ब्लैक मार्केट में कैसे पहुंच रहे थे. स्टेडियम के बाहर लोगों के बीच टिकटों की खरीद-बिक्री और EXTRA रकम की मांग को लेकर नोकझोंक की स्थिति भी सामने आई. BAWAL NEWS की टीम ने इन बातचीत और डीलिंग को स्टिंग ऑपरेशन के जरिए कैमरे में रिकॉर्ड किया है. अब सवाल प्रशासन, पुलिस और जेएससीए मैनेजमेंट की भूमिका को लेकर है कि टिकटों की कथित कालाबाजारी रोकने के लिए क्या कार्रवाई होती है और मैच से पहले टिकटों की बिक्री व्यवस्था पर किस तरह निगरानी रखी जाती है.

