INDIA गठबंधन के खिलाफ BJP का पलटवार, लोकतंत्र बचाने नहीं, अराजकता फैलाने में जुटा विपक्ष : रघुवर
दिल्ली की रैली को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने उठाए सवाल, कहा- वंशवाद और घुसपैठियों के संरक्षण की राजनीति कर रहा विपक्ष, छठ के बाद देवघर में बीजेपी निकालेगी पदयात्रा

देवघर : SIR के बहाने इंडिया गठबंधन के 'लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ' अभियान को लेकर बीजेपी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है... पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने देवघर परिषदन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि विपक्षी गठबंधन लोकतंत्र बचाने के नाम पर देश में भ्रम और अराजकता का माहौल पैदा कर सत्ता हासिल करना चाहता है... उन्होंने एक नवंबर को दिल्ली में आयोजित विपक्षी रैली में भीड़ को लेकर किए गए दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि दस लाख लोगों के जुटने का दावा करने वालों की वास्तविकता सामने आ गई है... जनता को गुमराह करने की राजनीति अब ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगी... रघुवर दास ने कहा कि बीजेपी एक राजनीतिक दल होने के नाते जनता के सामने सही तथ्यों को रखने और विपक्ष के भ्रमजाल से लोगों को बाहर निकालने के लिए प्रतिबद्ध है... इसी उद्देश्य से पार्टी झारखंड में प्रेस कॉन्फ्रेंस और पदयात्रा के माध्यम से जनता के बीच जाएगी... उन्होंने कहा कि दिल्ली की रैली में कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन ने एक बार फिर वंशवाद की राजनीति को प्रदर्शित किया है... राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव जैसे नेता लोकतंत्र की बात करते हैं, लेकिन उनकी राजनीति परिवारवाद के इर्द-गिर्द घूमती है... उन्होंने कहा कि देश लोकतांत्रिक व्यवस्था से चलता है, किसी परिवार की इच्छा और तानाशाही से नहीं... प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों के कल्याण और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का काम हो रहा है... विपक्ष इस बात से परेशान है कि एक गरीब परिवार से आने वाला व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री और आदिवासी समाज की महिला राष्ट्रपति बन सकती है... बीजेपी की राजनीति में सामान्य परिवार से आने वाले लोगों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलता है.
वंशवाद और घुसपैठ के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा
पूर्व मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर विदेशी तत्वों और घुसपैठियों के मुद्दे पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया... उन्होंने कहा कि विपक्ष श्रीलंका, बांग्लादेश और अन्य पड़ोसी देशों जैसी परिस्थितियों का हवाला देकर देश में अस्थिरता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है... लोकतंत्र बचाने का नारा देने वाले विपक्ष का वास्तविक उद्देश्य लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करना है... मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाताओं के नाम हटाए जाने के मुद्दे पर रघुवर दास ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान का हवाला दिया... उन्होंने कहा कि विपक्ष 13 करोड़ मतदाताओं के नाम काटे जाने की बात कहकर जनता को गुमराह कर रहा है... उनके अनुसार, मतदाता सूची के सत्यापन में मृत, स्थानांतरित और निर्धारित पते पर नहीं मिलने वाले लोगों के नामों की जांच की गई है... उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार चुनावी हार के कारणों का आत्ममंथन करने के बजाय हर बार चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर रहे हैं.
हेमंत सरकार पर भी साधा निशाना, महिला सुरक्षा का उठाया मुद्दा
रघुवर दास ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य की सरकार सिंडिकेट और माफियाओं के इशारे पर चल रही है... उन्होंने महिला सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि राज्य में नारी शक्ति के सम्मान की बातें तो होती है, लेकिन महिलाओं के साथ हो रहे अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं दिखती... सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत गम्हरिया और संथाल परगना क्षेत्र में महिलाओं के साथ हुई आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक ओर लोग मां दुर्गा और मां लक्ष्मी की पूजा करते हैं, वहीं दूसरी ओर महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं... उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान देने में विफल रही है.
दुमका के बाद देवघर में भी होगी पदयात्रा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने भी विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा... उन्होंने कहा कि विपक्ष के तमाम दावे खोखले हैं और जनता उसके साथ नहीं है... विपक्ष की रैली के जवाब में बीजेपी पांच अक्टूबर को दुमका में रैली और पदयात्रा आयोजित करेगी... इसके बाद छठ पूजा के बाद देवघर में भी पदयात्रा निकाली जाएगी... उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के साथ है... राज्य की वर्तमान सरकार से जनता परेशान है और आने वाले समय में उसे सत्ता से बाहर करने का काम करेगी...
मौके पर बीजेपी जिलाध्यक्ष सचिन रवानी, पूर्व मंत्री रणधीर सिंह, पूर्व विधायक नारायण दास, जिला महामंत्री सुनीता सिंह, डॉ. राजीव, मुकेश पाठक, संजय यादव, अभयानंद झा, वरिष्ठ भाजपा नेत्री विशाखा सिंह, रीता चौरसिया सिंह, जयकांत मंडल, सुलोचना देवी, विजया सिंह, अलका सोनी, दिवाकर गुप्ता, मनोज मिश्रा, महेश प्रसाद राय, धनंजय तिवारी, अमृत, पप्पू यादव और सौरभ कश्यप सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.

