समरसता का दीप जलाएगी बीजेपी, संत रविदास की 650वीं जयंती पर सात महीने लंबा अभियान, अर्जुन मुंडा ने किया ऐलान
“बीजेपी झारखंड इकाई संत गुरु रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती को भव्य रूप से मनाएगी. पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने समरसता संकल्प अभियान का ऐलान किया है, जो 29 जुलाई गुरु पूर्णिमा से शुरू होकर 20 फरवरी 2027 तक चलेगा.”

Ranchi: बीजेपी झारखंड इकाई ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती को भव्य स्तर पर मनाने का फैसला किया है. पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता अर्जुन मुंडा ने मंगलवार को पार्टी प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता कर इस अभियान का ऐलान किया. ‘समरसता संकल्प अभियान’ नाम से चलने वाले इस कार्यक्रम का शुभारंभ 29 जुलाई गुरु पूर्णिमा से होगा और यह 20 फरवरी 2027 तक चलेगा. लगभग सात महीने तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य संत रविदास के सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के संदेश को गांव-गांव और घर-घर पहुंचाना है. मुंडा ने कहा कि यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समरस राष्ट्र के निर्माण की दिशा में एक बड़ा सामाजिक और राष्ट्रवादी प्रयास है.
अभियान की रूपरेखा और प्रमुख कार्यक्रम
अर्जुन मुंडा ने बताया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा की संध्या पर झारखंड सहित पूरे देश के मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर ‘समरसता का दीप’ जलाया जाएगा. इसका उद्देश्य हर घर में उजाला और उत्साह का माहौल बनाना है. कलश वंदन अभियान की शुरुआत संत रविदास की जन्मस्थली वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर से होगी. वहां से पवित्र मिट्टी लेकर देश के सभी राज्यों में मंडल स्तर तक पहुंचाया जाएगा. 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर से वाराणसी तक समरसता यात्रा का आयोजन भी प्रस्तावित है. अन्य कार्यक्रमों की जानकारी समय-समय पर दी जाएगी.
सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण का लक्ष्य
मुंडा ने कहा कि बीजेपी द्वारा इस अभियान का व्यापक आयोजन करने का बड़ा सामाजिक और राष्ट्रवादी उद्देश्य है. जनता संत रविदास जैसे महान संत को जाने और उनके आदर्शों को अपनाए, जिससे समरस समाज और समरस राष्ट्र का निर्माण हो सके. उन्होंने संत रविदास के ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ जैसे संदेशों का जिक्र करते हुए कहा कि मन की निर्मलता और पवित्रता मनुष्य जीवन की सबसे बड़ी शर्त है. यह अभियान सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प को मजबूत करेगा.
बेगमपुरा का दर्शन और समानता का संदेश
अर्जुन मुंडा ने संत रविदास के बेगमपुरा दर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह ऐसे समाज की कल्पना है जहां दुख, पीड़ा और किसी तरह का भेदभाव न हो. समानता और समरसता के इन मूल्यों को जीवन में उतारने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि भारत की धरती पर जन्मे ऐसे महान संतों ने देश को नई दिशा दी है और संत रविदास उनमें से एक ध्रुवतारा की तरह चमकते हैं.
राष्ट्रीय स्तर पर अभियान का महत्व
मुंडा ने बताया कि इस अभियान का आह्वान बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन ने किया है. राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इसकी कार्ययोजना तैयार की है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ऐसे पवित्र जीवन चरित्र को देश द्वारा आत्मसात करने पर जोर दिया है. उन्होंने कहा कि यह अभियान एक नए युग की शुरुआत करेगा और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देगा. प्रेसवार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, प्रकाश सिंह और अजय राय भी मौजूद रहे.



