बीजेपी ने मधु कोड़ा को चुपके से लाया... अब तो पोस्टर में भी दी दे जगह
Ranchi: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा बीजेपी के नेता हैं. बैक डोर से बीजेपी में आये मधु कोड़ा को लेकर चल रहा लुका-छुपी का खेल अब खत्म हो गया है. 4000 करोड़ रुपये के घोटाले के आरोपी मधु कोड़ा बीजेपी के सम्मानित लीडर हैं. करीब 10 महीने बाद बीजेपी ने इसका खुलकर ऐलान कर दिया है. मधु कोड़ा को बीज...


Ranchi:
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा बीजेपी के नेता हैं. बैक डोर से बीजेपी में आये मधु कोड़ा को लेकर चल रहा लुका-छुपी का खेल अब खत्म हो गया है. 4000 करोड़ रुपये के घोटाले के आरोपी मधु कोड़ा बीजेपी के सम्मानित लीडर हैं. करीब 10 महीने बाद बीजेपी ने इसका खुलकर ऐलान कर दिया है. मधु कोड़ा को बीजेपी के पोस्टर में जगह मिल गई है. प्रखंड स्तरीय आक्रोश रैली को लेकर बीजेपी ने जो पोस्टर जारी किया है उसमें प्रदेश के सभी बड़े नेताओं के साथ मधु कोड़ा भी मौजूद हैं.
फरवरी 2024 में बैकडोर से आये थे बीजेपी
मधु कोड़ा वैसे तो फरवरी 2024 में ही बैक डोर से बीजेपी में शामिल हो गये थे. उनकी सांसद पत्नी गीता कोड़ा लोकसभा चुनाव से पहले फरवरी 2024 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुई थीं. उस वक्त से मधु कोड़ा का बीजेपी दफ्तर में आना-जाना और बीजेपी नेताओं से मिलना-जुलना जारी था. मधु कोड़ा उस वक्त ही बीजेपी में शामिल होने के लिए बेचैन थे, लेकिन बीजेपी उन्हें टहला रही थी. दरअसल चुनावी साल में बीजेपी भ्रष्टाचार के इतने बड़े आरोपी नेता को पार्टी में लाकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहती थी. वैसे भी बीजेपी मधु कोड़ा और उनके भ्रष्टाचार के मुद्दे को उठाकर ही तो कांग्रेस-जेएमएम को घेरती रही थी. आखिर किस मुंह से बीजेपी उसी कोड़ा को खुलकर पार्टी में ले आती. कोड़ा की पत्नी को बीजेपी ने लोकसभा का टिकट दिया था. इसलिए मधु कोड़ा भी बैकडोर से बीजेपी में आने लगे.
अगस्त 2024 में चुपके से बीजेपी ने शामिल कराया
लोकसभा चुनाव में मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा सिंहभूम सीट से चुनाव हार गई. इसके बाद भी मधु और गीता कोड़ा बीजेपी में बने रहे. फिर विधानसभा चुनाव से पहले मधु कोड़ा की भी बीजेपी में इंट्री हुई. प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मधु कोड़ा का माला पहनाकर पार्टी में स्वागत किया था, लेकिन ये खबर कहीं दिखी नहीं. उस दिन खबर ये थी कि पूर्व मंत्री और जेएमएम के बागी विधायक लोबिन हेंब्रम बीजेपी में शामिल हुए हैं. 31 अगस्त 2024 को लोबिन हेंब्रम बीजेपी में शामिल हुए थे. उसी कार्यक्रम में बाबूलाल मरांडी और असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने मधु कोड़ा को भी माला पहनाया था. मीडिया में खबर आई कि मधु कोड़ा बीजेपी में शामिल हो गये हैं, लेकिन इस कार्यक्रम को लेकर बीजेपी ने जो प्रेस रिलीज जारी किया उसमें मधु कोड़ा के बीजेपी में शामिल होने का कहीं कोई जिक्र नहीं था. बाबूलाल मरांडी के संबोधन में भी मधु कोड़ा को नाम नहीं था.
अब खुलकर बीजेपी में आ गये कोड़ा
बीजेपी छिप-छिपाकर मधु कोड़ा को पार्टी में ले तो आई थी, लेकिन कोड़ा को खुलकर बीजेपी का नेता बताने में परहेज कर रही थी. अब इसके पीछे चाहे वजह जो भी हो, लेकिन अब तो साफ हो चुका है कि मधु कोड़ा बीजेपी के नेता हैं. इतने दिनों तक मधु कोड़ा बीजेपी के मंच पर नजर तो जरूर आये, लेकिन कभी पार्टी के पोस्टरों में नहीं दिखे. अब उन्हें भी पोस्टर में बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, अन्नपूर्णा देवी, संजय सेठ, चंपई सोरेन जैसे नेताओं के बीच जगह मिल गई है. जाहिर है अब बीजेपी उन्हें संगठन में कोई ने कोई बड़ी जिम्मेदारी भी देगी.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts








Leave a comment