बंगाल समेत 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव: आज तारीखों का ऐलान करेगा चुनाव आयोग
“जानकारी के मुताबिक, 2021 के विधानसभा चुनावों की तुलना में इस बार मतदान के चरणों की संख्या कम रहने की संभावना है. पिछले चुनाव में पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में मतदान कराया गया था, लेकिन इस बार इसे घटाने पर विचार किया जा रहा है. ”

नई दिल्ली: भारत में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ी राजनीतिक हलचल शुरू हो गई है. भारतीय चुनाव आयोग (ECI) आज पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा करेगा. चुनाव आयोग इस संबंध में आज शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच विज्ञान भवन, नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा.
सूत्रों के अनुसार, इस बार चुनाव आयोग मतदान प्रक्रिया को कम चरणों में पूरा करने की योजना बना रहा है. कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही इन सभी राज्यों में आदर्श चुनाव आचार संहिता (Model Code of Conduct) तुरंत प्रभाव से लागू हो जाएगी.
जानकारी के मुताबिक, 2021 के विधानसभा चुनावों की तुलना में इस बार मतदान के चरणों की संख्या कम रहने की संभावना है. पिछले चुनाव में पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में मतदान कराया गया था, लेकिन इस बार इसे घटाने पर विचार किया जा रहा है.
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाने की योजना है. खासतौर पर पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान संभावित हिंसा को रोकने और मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे.
राजनीतिक दलों और मतदाताओं की नजर अब चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हुई है, जहां इन पांच राज्यों के लिए मतदान और मतगणना की पूरी समय-सारणी घोषित की जाएगी.
चुनावी तारीखों के ऐलान के साथ ही राज्यों में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है .



