झारखंड की सियासी रिपोर्ट लेकर दिल्ली पहुंचे आदित्य साहू, अमित शाह और नितिन नबीन के साथ मीटिंग
“दिल्ली में झारखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने अमित शाह और नितिन नबीन से मिलकर राज्य की ग्राउंड रिपोर्ट सौंपी. बैठक में संगठन और चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई.”

New Delhi: बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने बुधवार को नई दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से अहम मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से अलग-अलग मुलाकात कर झारखंड की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, संगठन की गतिविधियों और आने वाले समय की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की. यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब राज्य में सियासी हलचल तेज है और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर सभी दल सक्रिय नजर आ रहे हैं. ऐसे में आदित्य साहू की यह मुलाकात न सिर्फ संगठनात्मक दृष्टि से बल्कि राजनीतिक रूप से भी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
प्रदेश के मुद्दों और संगठन विस्तार पर हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान आदित्य साहू ने झारखंड के समसामयिक मुद्दों को विस्तार से रखते हुए संगठन की जमीनी स्थिति की जानकारी दी. उन्होंने पार्टी के विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसंपर्क अभियानों को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया. साथ ही राज्य में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम और विपक्ष की रणनीतियों पर भी चर्चा हुई.
चुनावी रणनीति पर भी मंथन
बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच पकड़ बढ़ाने पर जोर दिया. वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए. सूत्रों के अनुसार, इस दौरान आगामी चुनावों को लेकर भी रणनीतिक मंथन हुआ और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने पर बल दिया गया. इस मुलाकात के बाद यह संकेत मिल रहे हैं कि बीजेपी झारखंड में अपनी संगठनात्मक और राजनीतिक गतिविधियों को आने वाले दिनों में और तेज करने की तैयारी में है.



