25 साल की शादी, शक और सात बच्चे… आखिरकार पति क्यों बना कातिल?
“जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित रूप से चाकू मारकर हत्या कर दी. ”

Nawada: जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित रूप से चाकू मारकर हत्या कर दी. यह घटना घर में मौजूद सात बच्चों और अन्य परिजनों के सामने हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
25 साल पुराना रिश्ता, शक ने तोड़ दिया परिवार
जानकारी के अनुसार, कौआकोल थाना क्षेत्र के दरमा गांव निवासी रवि मांझी ने अपनी पत्नी बबीता कुमारी की हत्या कर दी. दोनों की शादी करीब 25 साल पहले हुई थी और उनके सात बच्चे हैं. बताया जा रहा है कि पति को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. परिजनों का कहना है कि लंबे समय से घर में तनाव का माहौल बना हुआ था. हालांकि, किसी ने अंदाजा नहीं लगाया था कि यह विवाद इतनी भयावह घटना का रूप ले लेगा.
विवाद के बाद हुआ हमला, अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के दिन भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे बढ़कर हिंसक झगड़े में बदल गई. आरोप है कि गुस्से में आकर रवि मांझी ने चाकू से अपनी पत्नी पर कई वार किए. गंभीर रूप से घायल बबीता को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मृतका के 16 वर्षीय बेटे ने बताया कि उसके पिता अक्सर उसकी मां पर शक करते थे और इसी वजह से घर में झगड़े होते रहते थे. घटना के दिन भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ था.
आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर कौआकोल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.


