राष्ट्रीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता में देवघर के 10 पहलवान दिखाएंगे दम
राष्ट्रीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए देवघर के 10 पहलवानों का चयन हुआ है. छह खिलाड़ी दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे, जबकि चार पहलवान हरियाणा में दम दिखाएंगे. जिला कुश्ती संघ ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं.

Deoghar: राष्ट्रीय विद्यालय खेल महासंघ (एसजीएफआई) की राष्ट्रीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए देवघर जिले के 10 पहलवानों का चयन हुआ है. इनमें छह खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं, जबकि चार अन्य पहलवान हरियाणा में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे. जिले के खिलाड़ियों के चयन से खेल प्रेमियों में उत्साह है. चयनित पहलवान विभिन्न भार वर्गों में मुकाबला करेंगे. जिला कुश्ती संघ ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन करने और देवघर सहित झारखंड का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई है.
छत्रसाल स्टेडियम में 31 अक्टूबर से शुरू होगी प्रतियोगिता
दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में 31 अक्टूबर से पांच नवंबर तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता में देवघर के छह पहलवान हिस्सा लेंगे. अंडर-14 वर्ग में भविष्य कुमार यादव 35 किलोग्राम और मानसी टुडे 42 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबला करेंगे. वहीं, अंडर-17 वर्ग में विक्की कुमार 52 किलोग्राम, मनीष झा 110 किलोग्राम, विद्या कुमारी 65 किलोग्राम और अंशिका कुमारी पोद्दार 69 किलोग्राम भार वर्ग में चुनौती पेश करेंगे. देवघर रेलवे स्टेशन पर जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष अभिजीत कुमार ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देकर रवाना किया.
खिलाड़ियों की मेहनत और लगन का परिणाम है चयन
जिला कुश्ती संघ की सचिव पायल कुमारी ने कहा कि राष्ट्रीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए देवघर के 10 पहलवानों का चयन जिले के लिए गर्व की बात है. यह खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और नियमित अभ्यास का परिणाम है. उन्होंने सभी चयनित पहलवानों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और पदक जीतने की अपील की. उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ियों की उपलब्धि से देवघर और झारखंड का गौरव बढ़ेगा. साथ ही, उनकी सफलता जिले के अन्य युवाओं को भी कुश्ती के प्रति आकर्षित करेगी और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी.

