खूंटी में बोरे में बंद मिला युवती का शव, तिग्गा नदी पुल के नीचे मिली लाश से मचा हड़कंप
खूंटी के कर्रा थाना क्षेत्र में तिग्गा नदी पुल के नीचे प्लास्टिक के बोरे में बंद एक अज्ञात युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

Khunti: खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कच्चाबारी पंचायत स्थित तिग्गा नदी पुल के नीचे एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ. शव प्लास्टिक के बोरे में बंद था. स्थानीय लोगों की नजर संदिग्ध बोरे पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने कर्रा थाना पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरा खोलकर जांच की तो उसके अंदर करीब 25 से 30 वर्ष की युवती का शव मिला. बताया जा रहा है कि युवती ने शर्ट पहन रखी थी और शव जिस बोरे में मिला, वह मैदा का बोरा था. शव पर मैदा लगा हुआ था. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
शव की पहचान में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या कहीं और करने के बाद शव को तिग्गा नदी पुल के नीचे लाकर फेंका गया. हालांकि, हत्या के कारण और घटना में शामिल लोगों को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस मृतका की पहचान कराने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है. इसके साथ ही अन्य माध्यमों से भी उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने घटनास्थल से संभावित साक्ष्यों को जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है. फिलहाल कर्रा पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए अलग-अलग बिंदुओं पर जांच की जा रही है.


