रांची में RRB लोको पायलट परीक्षा में हंगामा, कंप्यूटर बंद होने से बिगड़ा पेपर; अभ्यर्थियों ने की परीक्षा रद्द करने की मांग
रांची के लोअर चुटिया स्थित आरआरबी लोको पायलट परीक्षा केंद्र पर कंप्यूटर बार-बार बंद होने और परीक्षा का समय चलते रहने का आरोप लगा है. अभ्यर्थियों का दावा है कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण कई परीक्षार्थी 75 सवाल भी हल नहीं कर सके.

Ranchi: रांची के लोअर चुटिया स्थित अरुणुमा टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड परीक्षा केंद्र पर आरआरबी लोको पायलट परीक्षा के दौरान तकनीकी गड़बड़ी का मामला सामने आया है. परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा शुरू होते ही कंप्यूटर सिस्टम बार-बार बंद होने लगे. कई परीक्षार्थियों के कंप्यूटर हैंग हो गए, जबकि कुछ के स्क्रीन पर अंग्रेजी में प्रश्न दिखाई देने लगे. सबसे बड़ी परेशानी यह रही कि सिस्टम बंद होने के बावजूद परीक्षा का समय चलता रहा. इससे कई अभ्यर्थी निर्धारित 75 प्रश्न भी हल नहीं कर सके. तकनीकी गड़बड़ी और परीक्षा केंद्र की व्यवस्था को लेकर अभ्यर्थियों ने विरोध जताया और रेलवे प्रशासन से परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित करने की मांग की.
कंप्यूटर बंद, टाइमर चालू; 75 सवाल हल करने में भी आई परेशानी
अभ्यर्थियों के अनुसार, परीक्षा शुरू होने के बाद कंप्यूटर पर प्रश्न हल करते समय अचानक सिस्टम बंद होने लगा. कई बार कंप्यूटर रीस्टार्ट हुआ तो कभी प्रश्न सेव करने और अगले सवाल पर जाने में परेशानी हुई. इस दौरान परीक्षा का काउंटडाउन जारी रहा. परीक्षार्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ कंप्यूटरों पर 10 से 15 प्रश्न अंग्रेजी भाषा में दिखाई देने लगे. एक ही परीक्षा केंद्र पर अलग-अलग कंप्यूटरों की स्थिति भी अलग थी. कुछ अभ्यर्थियों का सिस्टम सामान्य रूप से काम कर रहा था, जबकि कई परीक्षार्थियों को लगातार तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ा. इसका सीधा असर उनके परीक्षा प्रदर्शन पर पड़ा.
समय की भरपाई का आश्वासन, लेकिन नहीं मिला अतिरिक्त समय
परीक्षार्थियों का कहना है कि शुरुआत में परीक्षा केंद्र की ओर से आश्वासन दिया गया था कि सिस्टम बंद होने के बाद परीक्षा वहीं से शुरू होगी और बर्बाद हुए समय की भरपाई की जाएगी. हालांकि, अभ्यर्थियों के मुताबिक उन्हें अतिरिक्त समय नहीं मिला और परीक्षा निर्धारित समय के अनुसार चलती रही. इस दौरान परीक्षा केंद्र के कर्मचारियों पर अभ्यर्थियों ने अभद्र व्यवहार करने और शिकायतों का समाधान नहीं करने का आरोप भी लगाया. विरोध के बाद कुछ अभ्यर्थियों को शिकायत की रिसीविंग दी गई. परीक्षार्थियों का दावा है कि उन्हें परीक्षा रद्द होने की बात कही गई, लेकिन इस संबंध में कोई स्पष्ट आधिकारिक आदेश नहीं दिखाया गया.
रेलवे चेयरमैन से शिकायत
अभ्यर्थियों ने रेलवे चेयरमैन और संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण जिन परीक्षार्थियों की परीक्षा प्रभावित हुई है, उनके लिए दोबारा परीक्षा आयोजित की जानी चाहिए. अभ्यर्थियों के मुताबिक, इस परीक्षा की तैयारी में उन्होंने लंबे समय तक मेहनत की है. कई परीक्षार्थी दूसरे जिलों और दूरदराज के क्षेत्रों से खर्च उठाकर रांची पहुंचे थे. ऐसे में परीक्षा केंद्र की तकनीकी खामियों के कारण उनका प्रदर्शन प्रभावित होना गंभीर मामला है.




