धनबाद: तिरंगा यात्रा से पहले BJP कार्यकर्ताओं में बवाल, मामला थाने तक पहुंचा
धनबाद में भाजपा की तिरंगा यात्रा शुरू होने से पहले दो कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए. अमरजीत कुमार और रीता यादव के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई हुई, जिसका वीडियो सामने आया है. घटना के बाद रीता यादव शिकायत दर्ज कराने धनबाद थाना पहुंचीं.

Dhanbad: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर गुरुवार को धनबाद में भाजपा की ओर से निकाली गई तिरंगा यात्रा उस समय विवादों में आ गई, जब यात्रा शुरू होने से पहले ही पार्टी के दो कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए. जिला परिषद मैदान से यात्रा शुरू होने के दौरान भाजपा कार्यकर्ता अमरजीत कुमार और रीता यादव के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों एक-दूसरे से मारपीट करते नजर आ रहे हैं. मौके पर मौजूद अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने तुरंत बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई. इसके बाद तिरंगा यात्रा अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ी. भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवण राय के नेतृत्व में निकली यह यात्रा जिला परिषद मैदान से शुरू होकर रणधीर वर्मा चौक होते हुए सिटी सेंटर तक पहुंची. घटना के बाद पार्टी कार्यक्रम के दौरान हुए इस विवाद की चर्चा तेज हो गई है.
रीता यादव पहुंचीं थाना, जिलाध्यक्ष बोले- जांच के बाद पता चलेगी वजह
मारपीट की घटना के बाद रीता यादव लिखित शिकायत दर्ज कराने के लिए धनबाद थाना पहुंचीं. उनके थाना पहुंचने की जानकारी मिलते ही भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए, जिसके चलते कुछ देर तक थाने में गहमागहमी का माहौल बना रहा. वहीं, मामले को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवण राय ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच कभी-कभी छोटी-मोटी कहासुनी या ऊंच-नीच हो जाती है. उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों को समझा दिया गया है और विवाद किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है. जिलाध्यक्ष के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. सार्वजनिक राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट और फिर मामला थाने तक पहुंचने से पार्टी के भीतर भी इस घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. अब पुलिस की जांच के साथ-साथ पार्टी स्तर पर संभावित कार्रवाई पर भी नजर बनी हुई है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts
राष्ट्रपति के हाथों झारखंड के 3 कलाकार सम्मानित, छऊ और नचनी को मिली राष्ट्रीय पहचान

बाबूलाल मरांडी का सवाल- IAS जेल जा सकते हैं तो IPS अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं?






Leave a comment