रांची: बेकाबू थार जीप ने छह लोगों को कुचला, एक की मौत, चालक गिरफ्तार
रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित साउथ रेलवे कॉलोनी में बुधवार रात तेज रफ्तार थार जीप ने सड़क किनारे जा रहे लोगों को टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में हिनू निवासी धर्मेंद्र कुमार (40) की मौत हो गई

Ranchi: रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित साउथ रेलवे कॉलोनी में बुधवार रात तेज रफ्तार थार जीप ने सड़क किनारे जा रहे लोगों को टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में हिनू निवासी धर्मेंद्र कुमार (40) की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए. घटना रात करीब 10 बजे दुर्गा मंदिर के पास हुई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साउथ रेलवे कॉलोनी में एक गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कुछ लोग पैदल रेलवे स्टेशन की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान डोरंडा की तरफ से तेज रफ्तार काले रंग की थार जीप आई और सड़क किनारे चल रहे लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी लोग दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े. धर्मेंद्र कुमार को सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घायलों में रेलवे की टीटी अन्नपूर्णा नायडू (50), उनके पुत्र कुणाल नायडू (26), संदीप महतो (40), अमित सिंह (35) और प्रशांत गौरव शामिल हैं. अन्नपूर्णा और कुणाल का इलाज राज अस्पताल में चल रहा है, जबकि प्रशांत गौरव को गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है.
मृतक धर्मेंद्र कुमार मोबाइल टावर लगाने वाली कंपनी में कार्यरत थे. उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है. हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई. घटना के तुरंत बाद चालक वाहन लेकर रांची स्टेशन की ओर फरार हो गया था. हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक अतुल को गिरफ्तार कर लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय वाहन में उसके साथ और कौन लोग मौजूद थे. चुटिया थाना पुलिस ने थार जीप को जब्त कर लिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.


Leave a comment