रांची के रातू से दुकान जाने निकली दो नाबालिग बहनें लापता, पुलिस जांच में जुटी
“राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र से दो नाबालिग बहनों के लापता होने का मामला सामने आया है. यह घटना गोकुलधाम चटकपुर मिलन चौक इलाके की है, जहां 8 फरवरी की शाम करीब 5 बजे घर से दुकान जाने निकली दोनों बच्चियां अब तक वापस नहीं लौटीं.”

Ranchi: राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र से दो नाबालिग बहनों के लापता होने का मामला सामने आया है. यह घटना गोकुलधाम चटकपुर मिलन चौक इलाके की है, जहां 8 फरवरी की शाम करीब 5 बजे घर से दुकान जाने निकली दोनों बच्चियां अब तक वापस नहीं लौटीं. लापता बच्चियों की पहचान संध्या कुमारी (16 वर्ष) और अर्चना कुमारी (12 वर्ष) के रूप में हुई है. दोनों रातू निवासी सुजीत शर्मा की बेटियां हैं. देर रात तक जब दोनों घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने पहले अपने स्तर से आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका.
इसके बाद पिता सुजीत शर्मा ने रातू थाना में लिखित आवेदन देकर दोनों बच्चियों की गुमशुदगी की सूचना दी. उन्होंने बताया कि हर गुजरते घंटे के साथ परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है और किसी अनहोनी की आशंका सता रही है. बच्चियों के अचानक लापता होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. पिता के अनुसार, दोनों बच्चियां अक्टूबर 2025 में अपने नानी के घर बिहार के जहानाबाद से रातू आई थीं. अर्चना कुमारी कक्षा 5 की छात्रा है, जबकि संध्या कुमारी ने वर्ष 2025 में मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की है.
एक साथ दो नाबालिग बच्चियों के लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया है. स्थानीय लोग भी इस घटना को लेकर दहशत में हैं. वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्चियों की तलाश शुरू कर दी है. मिलन चौक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि हर संभावित पहलू से जांच की जा रही है और बच्चियों को जल्द से जल्द खोजने के प्रयास जारी हैं.

