रामगढ़-बोकारो मार्ग पर दर्दनाक हादसा, ट्रेलर की चपेट में आकर नवविवाहित दंपति की मौत
“रामगढ़-बोकारो मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार नवविवाहित दंपति को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद चालक फरार हो गया और पुलिस मामले की जांच में जुटी है.”

Jharkhand: रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक नवविवाहित दंपति की मौके पर ही मौत हो गई. यह घटना मारंगमरचा स्थित बाबा भंडारी लाइन होटल के पास हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दंपति को कुचल दिया.
मृतकों की पहचान बोकारो जिले के चांदो गांव निवासी गौतम नायक (29) और उनकी पत्नी काजल देवी (25) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दोनों की शादी 8 मार्च 2026 को हुई थी और अभी एक महीना भी पूरा नहीं हुआ था कि यह दुखद हादसा हो गया.
परिजनों के अनुसार, 3 अप्रैल को उनके घर में पूजा का आयोजन था. इसमें शामिल होने के लिए दंपति रामगढ़ से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है. मामले की जांच जारी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है.
बताया जा रहा है कि गौतम नायक भारतीय सेना से जुड़े थे और हाल ही में उनका तबादला रामगढ़ कैंट में हुआ था. इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव और इलाके में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

