मैक्लुस्कीगंज-पिपरवार फायरिंग की जिम्मेदारी TPC ने ली, कारोबारियों को दी कड़ी चेतावनी
“रांची के मैक्लुस्कीगंज और पिपरवार में हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी TPC ने लेते हुए कारोबारियों को चेतावनी दी है कि संगठन से बिना संपर्क काम शुरू करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.”

रांची: राजधानी रांची से सटे मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के मुंडाधौड़ा और चतरा जिले के पिपरवार इलाके में गुरुवार को हुई फायरिंग की घटनाओं की जिम्मेदारी टीपीसी (तृतीय प्रस्तुति कमेटी) ने ली है। संगठन की ओर से जारी बयान में व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को सख्त संदेश दिया गया है कि निर्देशों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
टीपीसी के सदस्य ऋषिकेश जी ने प्रेस नोट जारी कर कहा कि एनके एरिया, पिपरवार और अशोक परियोजना में कार्यरत डीओ होल्डर, लिफ्टिंग, डंपिंग और परिवहन से जुड़ी कंपनियां संगठन के निर्देशों का पालन नहीं कर रही थीं। इसी के विरोध में इन घटनाओं को अंजाम दिया गया।
संगठन ने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि डकरा, रोहिणी, चूरी, पुरनाडीह और अशोक-पिपरवार क्षेत्र में काम करने वाले सभी डीओ धारक, ट्रांसपोर्टर, डंप कमेटी, ट्रक व हाईवा मालिक, ड्राइवर-खलासी, ईंट भट्ठा संचालक और छोटे ठेकेदार पहले संगठन से संपर्क करें, उसके बाद ही कार्य शुरू करें।
जारी संदेश में इसे अंतिम चेतावनी बताते हुए कहा गया है कि आदेशों की अनदेखी करने पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।
क्या है पूरा मामला?
गुरुवार सुबह करीब 6 बजे मैक्लुस्कीगंज में नासिर खान के आवास के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई थी। वहीं, पिपरवार क्षेत्र में कांटाघर नंबर-6 के पास वासुदेव गंझू को गोली मारी गई, जिसमें वह घायल हो गए।

