झारखंड में बढ़ी गर्मी की तपिश, डाल्टनगंज सबसे गर्म; कई जिलों में लू का अलर्ट
“झारखंड में 19 अप्रैल को मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क बना हुआ है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ है और फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। वहीं लगातार बढ़ते तापमान ने गर्मी का असर और तेज कर दिया है”

झारखंड में 19 अप्रैल को मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क बना हुआ है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ है और फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। वहीं लगातार बढ़ते तापमान ने गर्मी का असर और तेज कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।
राज्य में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है और डाल्टनगंज सबसे गर्म क्षेत्र के रूप में सामने आया है, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कई जिलों में लू चलने की चेतावनी
मौसम विभाग ने 20 और 21 अप्रैल के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है। वहीं पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भी गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं।
देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जैसे उत्तर-पूर्वी जिलों में भी मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी जारी रहने की संभावना है।
प्रमुख शहरों का तापमान
राज्य के प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहां 4.8 डिग्री की तेज बढ़ोतरी देखी गई। इसके अलावा रांची में 38.8 डिग्री, चाईबासा में 39.8 डिग्री, बोकारो में 39.5 डिग्री और सरायकेला में 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इन सबके बीच डाल्टनगंज लगातार सबसे गर्म बना हुआ है।
न्यूनतम तापमान भी राहत नहीं दे रहा है। डाल्टनगंज में रात का तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से अधिक है। पिछले 24 घंटे में राज्य में कहीं भी बारिश नहीं होने से गर्मी का असर और बढ़ गया है।
जनजीवन पर असर
तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है। लोग गर्मी से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर हैं। मौसम केंद्र रांची के अनुसार तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी और लू जैसी स्थिति आने वाले दिनों में और परेशानी बढ़ा सकती है।

