रामनवमी जुलूस में चाकूबाजी से सनसनी, युवक गंभीर, रिम्स रेफर
“रामनवमी के जुलूस के दौरान शहर के बड़ाइक मोहल्ले में चाकूबाजी की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आपसी विवाद के दौरान एक युवक पर हमला कर उसके पेट में चाकू घोंप दिया गया, जो अंदर ही फंसा रह गया. घायल युवक की पहचान अमित कुमार सिंह के रूप में हुई है”

Gumla: रामनवमी के जुलूस के दौरान शहर के बड़ाइक मोहल्ले में चाकूबाजी की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आपसी विवाद के दौरान एक युवक पर हमला कर उसके पेट में चाकू घोंप दिया गया, जो अंदर ही फंसा रह गया. घायल युवक की पहचान अमित कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो बड़ाइक मोहल्ला का निवासी है. घटना के बाद उसे तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज रेफर कर दिया. मिली जानकारी के अनुसार, जुलूस के दौरान बड़ाइक मोहल्ले की एक गली में कुछ लोगों के बीच आपसी विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते यह विवाद हिंसक रूप ले बैठा और चाकूबाजी की घटना हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत अस्पताल भिजवाया. बताया जा रहा है कि घायल ने हमलावर की पहचान कर ली है, जो उसी मोहल्ले का रहने वाला है. हालांकि, चाकूबाजी के पीछे की असली वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है. डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत नाजुक बनी हुई है. बेहतर इलाज के लिए उसे रांची स्थित रिम्स भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है. धार्मिक जुलूस के दौरान हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है, वहीं प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई में जुटा है.

