हजारीबाग में दर्दनाक सड़क हादसा: पिकअप गाड़ी पलटी, तीन की मौत, पांच घायल
“हजारीबाग जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई. इचाक थाना क्षेत्र के इचाक-बरकट्ठा पथ पर फुरुका नदी के पास देवकली नरियाही मोड़ पर पिकअप सवारी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई. शादी समारोह से लौट रहे लोगों से भरी गाड़ी सड़क किनारे खेत में गिर पड़ी.”

Hazaribagh: हजारीबाग जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई. इचाक थाना क्षेत्र के इचाक-बरकट्ठा पथ पर फुरुका नदी के पास देवकली नरियाही मोड़ पर पिकअप सवारी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई. शादी समारोह से लौट रहे लोगों से भरी गाड़ी सड़क किनारे खेत में गिर पड़ी. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
तीखे मोड़ पर ड्राइवर ने खो दिया संतुलन
इचाक थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि सभी यात्री बरकट्ठा में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद देर रात नान्हू ओरिया गांव लौट रहे थे. देवकुली नरियाही के तीखे मोड़ पर ड्राइवर गाड़ी का संतुलन खो बैठा. तेज रफ्तार और मोड़ की तीखी चाल के कारण पिकअप अनियंत्रित हुई और सड़क से उतरकर खेत में पलट गई. मृतकों में एक की पहचान रति मांझी (पिता स्व. मोहन मांझी, ग्राम ओरिया) के रूप में हुई है. बाकी दो मृतकों की पहचान की जा रही है. घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
पुलिस कार्रवाई और सड़क सुरक्षा की मांग
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है. घायलों की पहचान और बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है. पुलिस ड्राइवर की भूमिका की भी जांच कर रही है. इस मार्ग पर तीखे मोड़, खराब रोशनी और सड़क की स्थिति को लेकर स्थानीय लोग लंबे समय से शिकायत करते आ रहे हैं. हादसे के बाद प्रशासन से साइनेज बोर्ड लगाने, बैरियर बनाने और सड़क सुधारने की मांग तेज हो गई है. इस घटना ने एक बार फिर जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

