रांची के मोरहाबादी मैदान में रावण दहन, राज्यपाल संतोष गंगवार रहे मौजूद
विजयदशमी के अवसर पर रांची के मोरहाबादी मैदान में राज्यपाल संतोष गंगवार की उपस्थिति में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान मेघनाद, कुंभकर्ण और रावण के विशाल पुतलों का दहन किया गया. कार्यक्रम में हजारों लोग शामिल हुए और रंगारंग आतिशबाजी का आनंद लिया.

Ranchi: विजयदशमी के अवसर पर रांची के मोरहाबादी मैदान में रावण दहन कार्यक्रम संपन्न हुआ. राज्यपाल संतोष गंगवार की उपस्थिति में असत्य के प्रतीक रावण के पुतले का दहन किया गया. इस मौके पर केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, रांची विधायक सीपी सिंह, राज्यसभा सांसद महुआ माजी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. मोरहाबादी मैदान में रावण के साथ कुंभकर्ण और मेघनाद के विशाल पुतले भी लगाए गए थे. कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले मेघनाद, फिर कुंभकर्ण और अंत में रावण के पुतले का दहन किया गया. इससे पहले सोने की लंका भी जलाई गई.
रावण दहन देखने के लिए मैदान में हजारों की संख्या में लोग जुटे. पुतलों के दहन के साथ रंगारंग आतिशबाजी का आयोजन भी हुआ, जिसका लोगों ने खूब आनंद लिया. पूरे कार्यक्रम के दौरान मैदान में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला. विजयदशमी का यह आयोजन बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता नजर आया.


