Ramgarh News: पारसोतिया में युवक को लगी गोली, गंभीर हालत में रिम्स रांची रेफर
“रामगढ़ शहर के पारसोतिया क्षेत्र में देर रात गोली चलने की घटना सामने आई है. इस घटना में अंकित यादव नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. युवक के सीने में गोली लगी है, जिसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए रांची रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे.”

रामगढ़ शहर के पारसोतिया इलाके में सोमवार देर रात गोली चलने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे आनन-फानन में इलाज के लिए पहले स्थानीय निजी अस्पताल ले जाया गया. चिकित्सकों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया. घायल युवक की पहचान अंकित यादव के रूप में हुई है, जो रामगढ़ के बंगाली टोला निवासी गर्जन यादव का पुत्र बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार गोली युवक के सीने में लगी है और आशंका जताई जा रही है कि गोली अभी भी शरीर के अंदर फंसी हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. कुछ लोग इसे आपसी विवाद या कथित प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि मामला आत्महत्या के प्रयास से जुड़ा हो सकता है. वहीं पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुट गई है. फिलहाल घटना के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.
निजी अस्पताल से रांची किया गया रेफर
घटना के तुरंत बाद परिजन घायल अंकित यादव को रांची रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे रिम्स रांची रेफर कर दिया गया. बताया जा रहा है कि गोली सीने में लगने से उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है. डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है.
घटना को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं
गोली चलने की इस घटना के बाद पारसोतिया और आसपास के इलाकों में अलग-अलग तरह की चर्चाएं हो रही हैं. स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा है कि मामला किसी निजी संबंध या प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है. वहीं कुछ लोग यह भी दावा कर रहे हैं कि युवक ने खुद को गोली मारी है. हालांकि अभी तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
रामगढ़ पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा.

