आय से अधिक संपत्ति मामले में शिवहर DDC बृजेश कुमार के ठिकानों पर छापेमारी, पैतृक गांव पहुंची टीम
“बिहार के शिवहर में आय से अधिक संपत्ति मामले में DDC बृजेश कुमार के पैतृक गांव और अन्य ठिकानों पर विजिलेंस/ACB टीम ने छापेमारी की। टीम ने स्थानीय लोगों से पूछताछ कर केस से जुड़े अहम सुराग जुटाए, जबकि पैतृक मकान बंद मिलने के कारण तलाशी प्रक्रिया सीमित रही.”

Shivhar: बिहार में आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापेमारी से प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है. शिवहर के डीडीसी बृजेश कुमार के खिलाफ चल रही जांच के तहत विजिलेंस/एसीबी टीम ने उनके विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की है. इसी कड़ी में टीम पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज स्थित उनके पैतृक गांव सेखुवनिया जमुनिया पहुंची. कोर्ट के आदेश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान टीम को कई अहम जानकारियां जुटाने का प्रयास किया गया. हालांकि, गांव में स्थित पैतृक मकान बंद मिलने के कारण तलाशी प्रक्रिया सीमित रही, लेकिन अधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर पूछताछ कर केस से जुड़े इनपुट इकट्ठा किए.
पैतृक घर बंद, गांव में पूछताछ से जुटाए सुराग
छापेमारी के दौरान विजिलेंस टीम जब गांव पहुंची तो बृजेश कुमार का पैतृक मकान बंद मिला. इसके बाद टीम ने स्थानीय वार्ड सदस्य और आसपास के लोगों से पूछताछ की. जानकारी मिली कि अधिकारी का गांव में आना-जाना काफी कम है और परिवार के सदस्य भी स्थायी रूप से वहां नहीं रहते. पैतृक संपत्ति और परिवार के बंटवारे को लेकर भी टीम ने जानकारी जुटाई.
अन्य ठिकानों पर भी कार्रवाई, संपत्ति की जांच जारी
अधिकारियों के अनुसार, बृजेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज है और इसी के तहत उनके सभी संभावित ठिकानों की जांच की जा रही है. पैतृक गांव के अलावा अन्य शहरों में स्थित संपत्तियों और कनेक्शनों की भी पड़ताल की जा रही है. छापेमारी की खबर फैलते ही गांव और आसपास के इलाकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है.


