रिम्स में भोजन की गुणवत्ता पर उठे सवाल, कई मरीजों ने उल्टी-दस्त की शिकायत
“राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स में मरीजों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अस्पताल में भर्ती कई मरीजों और उनके परिजनों ने आरोप लगाया है कि खाना खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई ”

रांची: राजधानी रांची स्थित राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स में मरीजों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अस्पताल में भर्ती कई मरीजों और उनके परिजनों ने आरोप लगाया है कि खाना खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उल्टी व दस्त की शिकायत होने लगी।
मरीजों का कहना है कि एक ही वार्ड में कई लोगों में एक जैसी स्वास्थ्य समस्या सामने आने के बाद उन्होंने मामले की जानकारी रिम्स प्रबंधन को दी। इसके साथ ही मरीजों और उनके परिजनों ने सामूहिक रूप से शिकायत पत्र सौंपकर मामले की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत करने वाले मरीजों का आरोप है कि अस्पताल में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता की नियमित निगरानी नहीं हो रही है। उनका कहना है कि मरीज अस्पताल इलाज और स्वास्थ्य लाभ के लिए आते हैं, ऐसे में भोजन की गुणवत्ता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर चिंता का विषय है।
मरीजों ने रिम्स प्रबंधन से मांग की है कि भोजन की गुणवत्ता की जांच कराई जाए, खाने के सैंपल की जांच हो और यदि किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था की जाए।
इस मामले को लेकर अब स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। राज्य के सबसे बड़े अस्पताल में भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें सामने आने के बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या अस्पतालों में मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और यदि की जा रही है तो ऐसी शिकायतें क्यों सामने आ रही हैं।
हालांकि, इस मामले में रिम्स प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं मरीजों और उनके परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।



