सारंडा जंगल में प्रेशर आईईडी विस्फोट, दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल
“झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले स्थित नक्सल प्रभावित सारंडा क्षेत्र से आईईडी विस्फोट की खबर सामने आई है. तिरीलपोशी जंगल में हुए इस धमाके में दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.”

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले स्थित नक्सल प्रभावित सारंडा क्षेत्र से आईईडी विस्फोट की खबर सामने आई है. तिरीलपोशी जंगल में हुए इस धमाके में दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तिरीलपोशी गांव के कुछ ग्रामीण रोजमर्रा की जरूरतों के लिए जंगल में लकड़ी और पत्ते इकट्ठा करने गए थे. इसी दौरान जमीन के भीतर छिपाकर लगाए गए प्रेशर आईईडी पर एक ग्रामीण का पैर पड़ गया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ. धमाके में दो लोग बुरी तरह जख्मी हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए. पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने बताया कि यह हादसा अंधेरा होने के बाद हुआ. घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. साथ ही पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है. एसपी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे नक्सलियों की हताशा और कायराना हरकत बताया. उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को निशाना बनाना दर्शाता है कि नक्सली अपनी मौजूदगी जताने के लिए निर्दोष लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं.
विस्फोट के बाद तिरीलपोशी और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जंगलों में बिछाए गए ऐसे विस्फोटक उनके लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं, जिससे अब जंगल जाना भी खतरनाक हो गया है. फिलहाल पुलिस और सुरक्षा बल इलाके में तैनात हैं और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं.

