राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पहुंचीं जमशेदपुर, सोनारी एयरपोर्ट पर MI-17 हेलीकॉप्टर से लैंडिंग
“देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरुवार दोपहर जमशेदपुर पहुंचीं. भारतीय वायुसेना के विशेष MI-17 हेलीकॉप्टर से उनका विमान सोनारी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा. राष्ट्रपति की सुरक्षा को देखते हुए वायुसेना के तीन हेलीकॉप्टरों का बेड़ा साथ मौजूद रहा.”

Jamshedpur: देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरुवार दोपहर जमशेदपुर पहुंचीं. भारतीय वायुसेना के विशेष MI-17 हेलीकॉप्टर से उनका विमान सोनारी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा. राष्ट्रपति की सुरक्षा को देखते हुए वायुसेना के तीन हेलीकॉप्टरों का बेड़ा साथ मौजूद रहा. एयरपोर्ट पर जिला प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, जिसके बाद वे कड़े सुरक्षा घेरे में अपने निर्धारित कार्यक्रमों के लिए रवाना हो गईं.
सबसे पहले राष्ट्रपति का काफिला कदमा मरीन ड्राइव पहुंचा, जहां उन्होंने प्रस्तावित श्री जगन्नाथ मंदिर के निर्माण के लिए भूमि पूजन और आधारशिला रखी. यह मंदिर ओडिशा के पुरी स्थित प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर बनाया जा रहा है, जिसे क्षेत्र का प्रमुख आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र माना जा रहा है. इस मौके पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद रहे.
धार्मिक कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति बारीडीह स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज पहुंचेंगी, जहां वे मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ संवाद करेंगी. कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति छात्रों के साथ समूह फोटो भी लेंगी और संस्थान परिसर में स्मृति स्वरूप पौधारोपण करेंगी. राष्ट्रपति का यह दौरा शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में जमशेदपुर की बढ़ती भूमिका को प्रोत्साहन देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है और सुरक्षा बलों की व्यापक तैनाती की गई है. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति शाम करीब 3:50 बजे सोनारी एयरपोर्ट से रांची के लिए रवाना होंगी, जहां से वे आगे राजस्थान के जैसलमेर के लिए प्रस्थान करेंगी.

