गोड्डा के बोआरीजोर में बड़ा सड़क हादसा, दो बसों की टक्कर में कई लोग घायल
“जिले में गुरुवार अहले सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया. जिले के बोआरीजोर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरियो-बोआरीजोर मुख्य सड़क पर बांसभीट्टा गांव के पास दो यात्री बसों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई.”

Godda: जिले में गुरुवार अहले सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया. जिले के बोआरीजोर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरियो-बोआरीजोर मुख्य सड़क पर बांसभीट्टा गांव के पास दो यात्री बसों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि दोनों बसों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहनों के परखच्चे उड़ गए.
दुर्घटना में कई यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही बोआरीजोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बोआरीजोर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जरूरत पड़ने पर बेहतर उपचार के लिए बड़े अस्पताल रेफर किया जा सकता है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर काफी तेज थी और बसों की स्थिति देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है. प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है.

