Live Update: रांची में पत्थरों की बारिश! बीजेपी कार्यालय के बाहर बेकाबू हुआ सियासी संग्राम
“रांची में बीजेपी प्रदेश कार्यालय के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान माहौल हिंसक हो गया. दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नारेबाजी हुई, जिसके बाद पत्थरबाजी शुरू हो गई. सड़क पर बड़ी संख्या में पत्थर बिखर गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.”

Ranchi: राजधानी रांची में गुरुवार को बीजेपी प्रदेश कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया. नीट पेपर लीक के विरोध में घेराव करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और बीजेपी समर्थकों के बीच पहले तीखी नारेबाजी हुई, फिर अंडे, टमाटर और पानी की बोतलें फेंकी गईं. देखते ही देखते हालात और बिगड़ गए और दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई. सड़क पर बड़ी संख्या में पत्थर बिखर गए और पूरा इलाका रणभूमि में बदल गया. हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की, लेकिन धक्का-मुक्की और झड़प के बीच स्थिति और तनावपूर्ण हो गई. इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया. लाठीचार्ज के बाद मौके पर भगदड़ मच गई और प्रदर्शनकारी इधर-उधर भागते नजर आए. बीजेपी कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल पहले से तैनात था, लेकिन अचानक भड़की हिंसा ने प्रशासन की चुनौती बढ़ा दी. पूरे घटनाक्रम का LIVE वीडियो सामने आया है, जिसमें सड़क पर बिखरे पत्थर, लाठीचार्ज और बवाल की तस्वीरें साफ दिखाई दे रही हैं.
पत्थरबाजी से बिगड़े हालात, पुलिस ने संभाला मोर्चा
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ता बैरिकेडिंग के पास आमने-सामने आ गए. पहले दोनों ओर से नारेबाजी हुई, फिर अंडे, टमाटर और पानी की बोतलें फेंकी गईं. कुछ ही देर बाद दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई. सड़क पर पत्थरों की बारिश से अफरा-तफरी मच गई. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने दोनों पक्षों को पीछे धकेलने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने. स्थिति नियंत्रण से बाहर जाती देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा.
भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प, पूरे इलाके में तनाव
हंगामे के दौरान पुलिस और कुछ बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच भी धक्का-मुक्की की स्थिति बनी. सुरक्षा घेरा तोड़ने और आगे बढ़ने की कोशिश के बीच पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा. बीजेपी प्रदेश कार्यालय के आसपास बैरिकेडिंग, कंटीले तार और भारी पुलिस बल तैनात है. फिलहाल पूरे इलाके में तनाव बना हुआ है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर रखे हुए है. राजधानी में लगातार दूसरे दिन हुए इस सियासी टकराव ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है. सबसे बड़ा घटनाक्रम पत्थरबाजी और उसके बाद हुआ पुलिस का लाठीचार्ज रहा, जिसने पूरे प्रदर्शन को हिंसक मोड़ दे दिया.

