छोटी-सी बच्ची... और इतनी बड़ी बेरहमी! आंगनबाड़ी का VIDEO रुला देगा
“महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के पनवेल तहसील के नांदगांव गांव में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा एक बच्ची को कथित तौर पर लात मारने का वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वीडियो में बच्ची सीढ़ियों से गिरती नजर आ रही है, जिसके बाद लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।”

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के पनवेल तहसील स्थित नांदगांव गांव से एक बेहद संवेदनशील और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में आंगनबाड़ी केंद्र की एक महिला कार्यकर्ता कथित तौर पर एक छोटी बच्ची को लात मारती हुई दिखाई दे रही है. लात लगते ही मासूम बच्ची अपना संतुलन खो देती है और सीमेंट की सीढ़ियों से नीचे गिर जाती है. इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है और सोशल मीडिया पर महिला के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है.
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बच्ची आंगनबाड़ी केंद्र के प्रवेश द्वार के पास खड़ी है. इसी दौरान महिला कार्यकर्ता कथित रूप से उसे पैर से धक्का या लात मारती है. इसके बाद बच्ची सीधे सीढ़ियों पर गिर जाती है. वीडियो देखने वाले लोग इस घटना को बच्चों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही और अमानवीय व्यवहार बता रहे हैं.
घटना का वीडियो तेजी से विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया जा रहा है. कई यूजर्स ने सवाल उठाया है कि जिन लोगों पर छोटे बच्चों की देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है, यदि वही इस तरह का व्यवहार करें तो बच्चों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी. लोगों ने संबंधित महिला के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो किस तारीख का है और घटना के बाद संबंधित विभाग या स्थानीय प्रशासन ने क्या कार्रवाई की है. इस संबंध में आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी का इंतजार है. वहीं, वीडियो के वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है और बाल सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.




