चलती ट्रेन में शराब तस्करी का भंडाफोड़, 36.690 लीटर विदेशी शराब के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
“रेलवे मार्ग से हो रही अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की अपराध आसूचना शाखा (सीआईबी), मालदा को बड़ी सफलता मिली है। सीआईबी की स्पेशल टीम ने उदना स्पेशल फेयर समर एक्सप्रेस में छापेमारी कर 36.690 लीटर विदेशी शराब बरामद की है”

साहिबगंज: रेलवे मार्ग से हो रही अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की अपराध आसूचना शाखा (सीआईबी), मालदा को बड़ी सफलता मिली है। सीआईबी की स्पेशल टीम ने उदना स्पेशल फेयर समर एक्सप्रेस में छापेमारी कर 36.690 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सीआईबी मालदा की टीम ट्रेन में नियमित जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान बरहरवा स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद एस-7 कोच में चार युवक भारी बैग के साथ संदिग्ध स्थिति में यात्रा करते नजर आए। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रोककर पूछताछ की और बैगों की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांडों की कुल 36.690 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 29,620 रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे शराब को बिहार के जमालपुर क्षेत्र में अवैध बिक्री के लिए ले जा रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि चारों आरोपी संगठित तरीके से शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हैं।
आरपीएफ ने बरामद शराब और अन्य सामान को जब्त कर सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरपीएफ पोस्ट, साहिबगंज को सौंप दिया गया।
गौरतलब है कि बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद झारखंड से रेल मार्ग के जरिए शराब तस्करी लगातार चुनौती बनी हुई है। बरहरवा, साहिबगंज और मिर्जाचौकी जैसे सीमावर्ती इलाकों का इस्तेमाल तस्कर बड़े पैमाने पर कर रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों के लिए इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाना अब भी बड़ी चुनौती बना हुआ है।



