धनबाद में जहरीली गैस का रिसाव, CISF जवान समेत 5 लोग प्रभावित, सिलेंडर ब्लास्ट से जुड़ रहा मामला
“ जिले के पुटकी थाना क्षेत्र स्थित कपाल घाट में देर रात जहरीली गैस के रिसाव से हड़कंप मच गया। इस घटना में CISF के जवान, एक अधिकारी और BCCL के कर्मचारी समेत कुल पांच लोग प्रभावित हुए हैं, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”

धनबाद: जिले के पुटकी थाना क्षेत्र स्थित कपाल घाट में देर रात जहरीली गैस के रिसाव से हड़कंप मच गया। इस घटना में CISF के जवान, एक अधिकारी और BCCL के कर्मचारी समेत कुल पांच लोग प्रभावित हुए हैं, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के पीछे पास के बंद पड़े प्लांट में हुए सिलेंडर विस्फोट को संभावित कारण माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, गैस रिसाव के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। गैस की चपेट में आने से CISF के दो जवान, एक अधिकारी और BCCL के दो कर्मचारियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को तुरंत इलाज के लिए सरायढेला स्थित BCCL के सेंट्रल अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, CISF अधिकारी दर्शन सिंह, जवान ज्ञान सिंह और BCCL कर्मचारी दुनियालाल सिंह का इलाज सामान्य वार्ड में चल रहा है, जबकि CISF कांस्टेबल बिपिन कुमार और कर्मचारी पूना बाउरी को आईसीयू में रखा गया है।
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात करीब साढ़े 11 बजे अचानक गले में जलन, उल्टी और सांस लेने में परेशानी जैसी शिकायतें शुरू हो गईं। वहीं, CISF जवानों ने बताया कि कैंप से बाहर निकलते ही उन्हें गैस का असर महसूस हुआ, जिसके बाद तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
सिलेंडर ब्लास्ट से जुड़ रहा मामला
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गैस रिसाव स्थल के पास ही एक बंद पड़ा सीपीपी (कैप्टिव पावर प्लांट) है। बताया जा रहा है कि देर रात कुछ युवक वहां चोरी के इरादे से घुसे थे और लोहे की कटिंग के दौरान सिलेंडर में विस्फोट हो गया। इस हादसे में तीन युवकों—आनंद, संजय यादव और अजहरुद्दीन की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि बंद पड़े प्लांट के पाइपों में मिथेन जैसी ज्वलनशील और जहरीली गैसें जमा हो सकती हैं। आशंका है कि विस्फोट और कटिंग के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई, जिससे गैस का रिसाव शुरू हो गया और आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।
जांच में जुटी एजेंसियां
घटना के बाद BCCL और पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई है। BCCL के जीएम अरिंदम मुस्तफी ने बताया कि गैस रिसाव और सिलेंडर ब्लास्ट दोनों घटनाओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल सभी पहलुओं को जोड़कर पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है।

