झारखंड में गर्मी के बीच राहत के आसार, 7 जिलों में 16-17 अप्रैल को बारिश की संभावना
“झारखंड में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम ने राहत के संकेत दिए हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 16 और 17 अप्रैल को राज्य के सात जिलों में गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. जिन जिलों में बारिश के आसार जताए गए हैं”

Ranchi: झारखंड में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम ने राहत के संकेत दिए हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 16 और 17 अप्रैल को राज्य के सात जिलों में गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. जिन जिलों में बारिश के आसार जताए गए हैं, उनमें देवघर, गिरीडीह, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं. इन इलाकों में बादल गरजने के साथ हल्की बारिश से तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
हालांकि, राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा और तेज धूप का असर जारी रहेगा. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. खासकर 17 से 19 अप्रैल के बीच तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई गई है.
इस समय राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में भीषण गर्मी का प्रकोप देखा जा रहा है. कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है, जिससे आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है. दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं. मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि तेज धूप से बचाव करें, पर्याप्त पानी पीते रहें और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें. हल्की बारिश भले ही कुछ राहत दे, लेकिन गर्मी का असर फिलहाल बरकरार रहने की संभावना है.

