झारखंड में हीटवेव को लेकर सरकार अलर्ट, पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश
“झारखंड में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों के प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं. सरकार की ओर से सभी उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी (CO), प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), पंचायत प्रतिनिधियों और अन्य संबंधित अधिकारियों को”

Ranchi: झारखंड में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों के प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं. सरकार की ओर से सभी उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी (CO), प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), पंचायत प्रतिनिधियों और अन्य संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि आम जनता के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए.
सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल व्यवस्था अनिवार्य
निर्देश में कहा गया है कि सभी सरकारी कार्यालयों के बाहर और सार्वजनिक स्थलों पर राहगीरों एवं आम लोगों के लिए साफ पेयजल की व्यवस्था की जाए. साथ ही, इस व्यवस्था की स्पष्ट सूचना भी वहां प्रदर्शित की जाए ताकि लोगों को आसानी से पानी उपलब्ध हो सके और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
जल संकट वाले क्षेत्रों पर विशेष फोकस
सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि जहां कहीं भी जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है, वहां तत्काल टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए. इसके अलावा खराब पड़े चापाकलों की शीघ्र मरम्मत और वैकल्पिक जल स्रोतों की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया है.
गांव-टोला तक पहुंचे पानी की सुविधा
निर्देशों में स्पष्ट कहा गया है कि किसी भी गांव, टोला या मोहल्ले में पेयजल की कमी के कारण आम जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए. यह प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है कि हर घर और हर क्षेत्र तक पानी की सुविधा पहुंचे.
प्रशासन को संवेदनशीलता से काम करने के निर्देश
भीषण गर्मी के इस दौर में सभी अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं. सरकार ने कहा है कि जनहित सर्वोपरि है और जनता को राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. इस संबंध में सरकार की ओर से साफ संदेश दिया गया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर स्थिति पर नजर बनाए रखें.

