पलामू में इंसानियत शर्मसार: 68 साल के बुजुर्ग पर मासूम से दुष्कर्म का आरोप, ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
“पलामू जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. हरिहरगंज थाना क्षेत्र में साढ़े चार साल की मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के आरोप में 68 वर्षीय बुजुर्ग को गिरफ्तार किया गया है.”

Palamu: पलामू जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. हरिहरगंज थाना क्षेत्र में साढ़े चार साल की मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के आरोप में 68 वर्षीय बुजुर्ग को गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि आरोपी ने बच्ची को टॉफी और चॉकलेट का लालच देकर अपने घर बुलाया और उसके साथ गलत हरकत की. घटना का खुलासा तब हुआ जब आरोपी ने दोबारा बच्ची को बहलाने की कोशिश की. डरी-सहमी बच्ची ने अपनी मां को पूरी बात बताई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. घटना से नाराज लोगों ने कुछ देर के लिए एनएच-139 जाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
टॉफी का लालच देकर बुलाया
जानकारी के अनुसार हरिहरगंज थाना क्षेत्र के मिश्रा कॉलोनी में रहने वाले आरोपी विद्या साव और पीड़ित बच्ची का घर आसपास ही है. आरोप है कि 30 अप्रैल को उसने बच्ची को टॉफी देने के बहाने अपने घर बुलाया था. वहीं उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया. घटना के बाद बच्ची डरी हुई रहने लगी और उसे शारीरिक परेशानी भी हो रही थी. परिवार को इस घटना की जानकारी नहीं थी. गुरुवार को आरोपी ने फिर बच्ची को चॉकलेट और टॉफी का लालच देकर बुलाने की कोशिश की. इस बार बच्ची डर गई और सीधे अपनी मां के पास पहुंचकर पूरी बात बता दी. मां के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया.
सड़क जाम कर फूटा लोगों का गुस्सा
घटना की सूचना मिलते ही हरिहरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. इस वारदात से नाराज लोगों ने सिनेमा मोड़ के पास एनएच-139 को कुछ देर के लिए जाम कर विरोध जताया. बाद में थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार और स्थानीय लोगों के समझाने पर जाम हटाया गया. पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है.

