हनीमून पर गए थे दुबई, युद्ध तनाव में फंस गए: एक हफ्ते बाद स्वदेश लौटे रांची के नवदंपति
दुबई में फंसे रांची के नवविवाहित दंपति आखिरकार सुरक्षित भारत लौट आए हैं. सेल (SAIL) के अधिकारी अतुल उरांव और उनकी पत्नी डॉ. कंचन बाड़ा हनीमून के लिए 27 फरवरी को दुबई गए थे, लेकिन क्षेत्र में बिगड़े हालात और उड़ानों के लगातार रद्द होने के कारण वे करीब एक सप्ताह तक वहीं फंसे रहे.

रांची: खाड़ी क्षेत्र में बढ़े युद्ध तनाव के बीच दुबई में फंसे झारखंड के एक नवविवाहित दंपति आखिरकार सुरक्षित भारत लौट आए हैं. रांची निवासी और सेल (SAIL) के अधिकारी अतुल उरांव तथा उनकी पत्नी डॉ. कंचन बाड़ा मंगलवार, 10 मार्च की सुबह करीब 9 बजे मुंबई से रांची पहुंचेंगे. दोनों 27 फरवरी को हनीमून के लिए दुबई गए थे और उनकी वापसी 4 मार्च को तय थी, लेकिन क्षेत्र में अचानक बढ़े सैन्य तनाव और उड़ानों के लगातार रद्द होने से वे वहीं फंस गए. करीब एक सप्ताह तक अनिश्चितता और तनाव झेलने के बाद उन्हें 8 मार्च की फ्लाइट में सीट मिल सकी. हालांकि, इस दौरान टिकट की कीमत सामान्य से कई गुना अधिक चुकानी पड़ी. अब सुरक्षित स्वदेश लौटने की खबर से परिवार और शुभचिंतकों ने राहत की सांस ली है और सभी उनके रांची पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं.
लगातार उड़ानें रद्द होने से बढ़ी चिंता
नवदंपति की शादी 22 फरवरी 2026 को रांची में पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों के साथ हुई थी. विवाह के कुछ ही दिनों बाद दोनों हनीमून मनाने दुबई गए थे. उनकी वापसी 4 मार्च को तय थी, लेकिन इसी दौरान खाड़ी क्षेत्र में बढ़े तनाव के कारण कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुईं.
महंगा टिकट लेकर लौटे
अतुल उरांव ने बताया कि वे लगातार टिकट बुक करने की कोशिश करते रहे, लेकिन हर बार अंतिम समय में उड़ानें रद्द हो जाती थीं. अनिश्चितता और चिंता के बीच हर दिन बेहद भारी लग रहा था. आखिरकार 8 मार्च की एक फ्लाइट में उन्हें टिकट मिल सका, लेकिन इसके लिए उन्हें करीब 1.12 लाख रुपये खर्च करने पड़े. सुरक्षित भारत लौटने के बाद दंपति ने राहत महसूस की और परिवार से जल्द मिलने की खुशी जताई.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.


Leave a comment