चतरा-पिपरवार सीमा पर मुठभेड़ में 4 नक्सली ढेर, इनामी सहदेव सोरेन भी शामिल
“चतरा जिले के पिपरवार-केरेडारी सीमावर्ती इलाके में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली. शुक्रवार दोपहर कोबरा बटालियन और चतरा जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना पर सर्च ऑपरेशन चलाया.”

Chatra: चतरा जिले के पिपरवार-केरेडारी सीमावर्ती इलाके में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली. शुक्रवार दोपहर कोबरा बटालियन और चतरा जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना पर सर्च ऑपरेशन चलाया. नक्सलियों के जमावड़े की खबर मिलते ही मुठभेड़ शुरू हो गई. नक्सलियों ने पहले फायरिंग की, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने कार्रवाई की. मुठभेड़ में चार नक्सली मारे गए. इनमें इनामी नक्सली सहदेव सोरेन भी शामिल बताया जा रहा है. घटना के बाद पूरे इलाके में सर्च अभियान जारी है.
करीब आधे घंटे चली मुठभेड़
पुलिस को गुप्त सूत्रों से पता चला कि पिपरवार-केरेडारी सीमा पर नक्सलियों का बड़ा दल छिपा हुआ है. कोबरा कमांडो और जिला पुलिस की टीम ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया. जैसे ही टीम जंगल में घुसी, नक्सलियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने दनादन फायरिंग की. करीब आधे घंटे चली इस मुठभेड़ में चार नक्सली ढेर हो गए. मारे गए नक्सलियों के शव मौके पर पड़े हैं. पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और आसपास के गांवों में भी तलाशी ली जा रही है. हथियार और गोला-बारूद बरामद होने की संभावना है. यह ऑपरेशन चाईबासा से लेकर चतरा तक चल रहे बड़े अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है.

