Expo Utsav 2026: राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया उद्घाटन, बोले- झारखंड के स्थानीय उत्पादों में अपार संभावनाएं
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची के मोरहाबादी मैदान में Expo Utsav 2026 का उद्घाटन किया. उन्होंने झारखंड के स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने, युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करने और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया.

Ranchi: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज रांची के मोरहाबादी मैदान में ‘Expo Utsav 2026’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने झारखंड के स्थानीय उत्पादों, उद्यमिता और युवाओं की भूमिका पर जोर दिया. राज्यपाल ने कहा कि राज्य के उत्पादों में देश-दुनिया में पहचान बनाने की व्यापक संभावनाएं हैं. इसके लिए बेहतर गुणवत्ता, आधुनिक तकनीक, आकर्षक डिजाइन और प्रभावी ब्रांडिंग की जरूरत है. उन्होंने युवाओं से नए विचारों को उद्यम का रूप देने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया.
स्थानीय उत्पादों को मिलेगी वैश्विक पहचान, उद्यमिता से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि झारखंड के स्थानीय उत्पादों में अपार संभावनाएं हैं. तसर सिल्क राज्य की विशिष्ट पहचान है, लेकिन इसके अलावा भी कई स्थानीय उत्पादों को आगे बढ़ाने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि बेहतर डिजाइन, गुणवत्ता, आधुनिक तकनीक और प्रभावी ब्रांडिंग के माध्यम से इन उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाया जा सकता है. राज्यपाल ने उद्यमिता को आत्मनिर्भरता, रोजगार सृजन और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया. उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं में प्रतिभा और नए विचारों की कमी नहीं है. उन्हें सही मार्गदर्शन, अवसर और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराकर नए उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए.
युवाओं को नए उद्यम शुरू करने का आह्वान, विकसित भारत@2047 पर जोर
राज्यपाल ने युवाओं से अपने विचारों को प्रयोग और उद्यम का रूप देने की अपील की. उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक, ई-कॉमर्स और सोशल मीडिया के जरिए छोटे व्यवसाय भी बड़े बाजार तक पहुंच सकते हैं. इसके लिए गुणवत्ता, विश्वसनीयता और बेहतर ग्राहक सेवा जरूरी है. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यवसाय की सबसे बड़ी पूंजी ग्राहकों का विश्वास है. उद्यमियों को ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए तथा शिक्षा और सामाजिक विकास में भी योगदान देना चाहिए. राज्यपाल ने Expo Utsav को उद्यमियों और उत्पादों के लिए महत्वपूर्ण मंच बताते हुए JCI Ranchi को बधाई दी. उन्होंने कहा कि विकसित भारत@2047 के लक्ष्य में युवा शक्ति, नवाचार और उद्यमिता की अहम भूमिका होगी.



