Birsa Munda Airport के विस्तार में अतिक्रमण बनी बड़ी रुकावट, 130 घरों को खाली करने का नोटिस
“रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की प्रक्रिया अतिक्रमण की वजह से प्रभावित हो रही है. एयरपोर्ट विस्तार के लिए चिन्हित जमीन पर बने करीब 128 से 130 घरों और एक मंदिर को खाली कराने के लिए जिला प्रशासन ने संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया है.”

Ranchi: रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की प्रक्रिया अतिक्रमण की वजह से प्रभावित हो रही है. एयरपोर्ट विस्तार के लिए चिन्हित जमीन पर बने करीब 128 से 130 घरों और एक मंदिर को खाली कराने के लिए जिला प्रशासन ने संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया है. प्रशासन ने जल्द से जल्द जमीन खाली करने को कहा है, ताकि विकास कार्यों में आ रही बाधा दूर की जा सके. राज्य सरकार ने एयरपोर्ट विस्तार के लिए 301 एकड़ जमीन 30 वर्षों की लीज पर उपलब्ध कराई है. इसके बावजूद चिन्हित क्षेत्र में अतिक्रमण होने के कारण परियोजना निर्धारित गति से आगे नहीं बढ़ पा रही है. एयरपोर्ट प्रबंधन ने जिला प्रशासन से जमीन शीघ्र खाली कराने का अनुरोध किया है. अधिकारियों का कहना है कि जमीन मिलते ही लंबित कार्यों में तेजी लाई जाएगी.
जमीन उपलब्ध होने के बाद CAT-II लाइटिंग सिस्टम और पैरेलल टैक्सी ट्रैक का निर्माण पूरा किया जाएगा. इन सुविधाओं के शुरू होने से कम दृश्यता में भी विमानों की लैंडिंग आसान होगी और हवाई संचालन अधिक सुचारु हो सकेगा. इस वर्ष एयरपोर्ट पर कई विस्तार योजनाएं पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है. प्रस्तावित योजना के तहत सुरक्षा जांच काउंटरों की संख्या 3 से बढ़ाकर 8 की जाएगी. डिपार्चर एरिया एक से बढ़ाकर दो किए जाएंगे, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी. इसके अलावा एयरलाइंस काउंटर 16 से बढ़ाकर 38 किए जाएंगे. एंट्री और एग्जिट गेट की संख्या भी एक से बढ़ाकर दो करने की तैयारी है, ताकि यात्रियों की आवाजाही आसान हो और भीड़ कम हो.
गौरतलब है कि 31 दिसंबर 2025 को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की अध्यक्षता में एयरपोर्ट सुरक्षा समिति की बैठक हुई थी. बैठक में विस्तार के लिए चिन्हित जमीन को जल्द उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया था. स्पष्ट किया गया कि जमीन में देरी होने पर विकास कार्य प्रभावित होंगे. इसके बाद जिला प्रशासन को कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए हैं.

