धनबाद: मेमको मोड़ पर नशे में धुत चालक ने मचाया तांडव, तीन वाहनों को रौंदा, चार घायल
“धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत मेमको मोड़ पर शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने भारी तबाही मचा दी. शराब के नशे में धुत चालक ने अनियंत्रित होकर एक के बाद एक तीन वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी.”

Dhanbad: धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत मेमको मोड़ पर शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने भारी तबाही मचा दी. शराब के नशे में धुत चालक ने अनियंत्रित होकर एक के बाद एक तीन वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार में चालक सहित तीन युवक सवार थे. तीनों ने मेमको मोड़ स्थित शराब दुकान से शराब खरीदी और वहीं शराब का सेवन किया. इसके बाद चालक ने नशे की हालत में कार को तेज गति से दौड़ा दिया. सबसे पहले कार ने सड़क किनारे खड़ी एक गाड़ी को टक्कर मारी, फिर आगे बढ़ते हुए दूसरी कार और एक एसयूवी को भी अपनी चपेट में ले लिया. लगातार हुई टक्करों से तीनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा.
हादसे में रणबीर कुमार और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया. दो अन्य घायलों को भी चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है. गनीमत रही कि एक कार में सवार पूरा परिवार इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गया.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी चालक को मौके पर ही पकड़ लिया. पूछताछ के दौरान चालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि “गलती हर किसी से हो जाती है.” हालांकि, कार में सवार उसके दो साथी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन की तलाशी के दौरान शराब की बोतलें बरामद कीं. आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार युवकों की तलाश जारी है.

