Dhanbad: गंगा-दामोदर एक्सप्रेस के पास संदिग्ध बैग से बीयर और विदेशी शराब बरामद
धनबाद रेलवे स्टेशन पर RPF ने गंगा-दामोदर एक्सप्रेस के पास लावारिस बैग से 77 केन बीयर और विदेशी शराब बरामद की. सभी बोतलों पर पश्चिम बंगाल में बिक्री का टैग मिला, जिससे अवैध तस्करी की आशंका जताई जा रही है.


Dhanbad: धनबाद रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने सतर्कता अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए लावारिस बैग से भारी मात्रा में शराब और बीयर जब्त की है. यह कार्रवाई सोमवार देर रात प्लेटफॉर्म संख्या 03 पर की गई.
अधिकारियों के अनुसार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर एक विशेष टीम स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी कर रही थी. इसी दौरान ट्रेन संख्या 13329 गंगा-दामोदर एक्सप्रेस के खुलने से ठीक पहले प्लेटफॉर्म के कालका छोर पर दो बैग संदिग्ध स्थिति में पड़े मिले—एक लाल ट्रॉली बैग और एक काला बैकपैक.
टीम ने आसपास मौजूद यात्रियों से बैग के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन कोई भी व्यक्ति सामने नहीं आया. इसके बाद शक के आधार पर बैग की तलाशी ली गई.
तलाशी के दौरान बैग से 77 केन किंगफिशर बीयर और 4 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई. जब्त शराब में मैजिक मोमेंट्स लेमन वोडका, पिंक वोडका, सिग्नेचर प्रीमियम व्हिस्की और ब्लेंडर्स प्राइड अल्ट्रा प्रीमियम व्हिस्की शामिल हैं. कुल बरामद मात्रा 41,500 मिलीलीटर बताई जा रही है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12,920 रुपये है.
जांच में यह भी पाया गया कि सभी शराब की बोतलों और बीयर केनों पर “केवल पश्चिम बंगाल में बिक्री हेतु” अंकित था. साथ ही, कुछ केनों पर दर्ज कीमत में गड़बड़ी के संकेत मिले हैं, जिससे अवैध सप्लाई की संभावना जताई जा रही है.
RPF ने बरामद सामान को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गुमला में लव ट्रायंगल का खूनी अंजाम, 45 वर्षीय युवक को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला, बेटी ने भागकर बचाई जान, आरोपी फरार






Leave a comment