गठबंधन सरकार में कांग्रेस ठग पार्टी बन गई है: सूर्य सिंह बेसरा, JPSC-JSSC धांधली पर सरकार को घेरा
झारखंड आंदोलनकारी सूर्य सिंह बेसरा ने JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली और छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कांग्रेस को ‘ठग पार्टी’ बताते हुए परीक्षाओं और सरकारी भर्तियों की CBI जांच की मांग की.

Ranchi: JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में आदिवासी-मूलवासी संगठनों ने संयुक्त रूप से प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता की. इस दौरान झारखंड आंदोलनकारी सूर्य सिंह बेसरा ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा और परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की. सूर्य सिंह बेसरा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के जन्मदिन के मौके पर छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया. उन्होंने कहा कि JPSC और JSSC परीक्षाओं में गड़बड़ी की जांच राज्य की एजेंसी से कराने पर भरोसा नहीं किया जा सकता. झारखंड बनने के बाद से ही प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर लगातार भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं.
'कांग्रेस ठग पार्टी बन गई है'
बेसरा ने गठबंधन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि “गठबंधन सरकार में कांग्रेस ठग पार्टी बन गई है.” सूर्य सिंह बेसरा ने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी ने छात्रों का साथ नहीं दिया. उन्होंने कहा कि झारखंड गठन के 26 साल बाद भी राज्य में आरक्षण, स्थानीय नीति और नियोजन नीति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों का स्थायी समाधान नहीं हो सका है.
सभी परीक्षाओं की जांच की मांग
आदिवासी जनपरिषद के अध्यक्ष प्रेम शाही मुंडा ने छात्र आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि छात्रों को अपनी मांगों को लेकर आगे आना चाहिए. उन्होंने कहा कि अब छात्र आंदोलन को जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा. प्रेम शाही मुंडा ने झारखंड गठन के बाद हुई सभी परीक्षाओं की जांच की मांग की. उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, भूमि समेत विभिन्न विभागों में हुई नियुक्तियों की भी CBI जांच कराने की मांग रखी. उन्होंने राज्य में स्कूल-कॉलेजों के बंद होने, आदिवासी सब-प्लान की राशि के समुचित उपयोग नहीं होने और ट्राइबल यूनिवर्सिटी के अब तक स्थापित नहीं होने जैसे मुद्दे भी उठाए.
'2010 से JPSC परीक्षा में धांधली का आरोप'
छात्र आंदोलन को लेकर इमाम शफी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2010 से JPSC परीक्षाओं में धांधली होती रही है. उन्होंने राज्य में आयोजित JPSC और JSSC की परीक्षाओं की जांच की मांग की. इमाम शफी ने आरोप लगाया कि कई परीक्षाओं में पैसे लेकर अभ्यर्थियों को पास कराने की शिकायतें सामने आई हैं और ऐसे लोगों को अधिकारी बनाया गया है. उन्होंने कहा कि कथित तौर पर भ्रष्टाचार में शामिल अधिकारियों की CBI जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जानी चाहिए.
'छात्र आंदोलन संपूर्ण क्रांति की ओर बढ़ रहा'
उलगुलान मंच के रवि पीटर ने कहा कि झारखंड में आदिवासी-मूलवासी समाज को उसके अधिकार मिलने चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद लोगों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है. रवि पीटर ने कहा कि छात्र आंदोलन अब “संपूर्ण क्रांति” की ओर बढ़ रहा है. प्रेस वार्ता में RPI के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सांड लोहरा, झारखंड पीपुल्स पार्टी के केंद्रीय कार्यकारी सह आजसू संरक्षक अनिल कुमार भगत समेत विभिन्न संगठनों के अन्य प्रतिनिधि भी मौजूद रहे.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment