बोकारो : रिटायर्ड GST अधिकारी शक्ति सिंह के आवास पर CBI की छापेमारी
“बोकारो के चीरा चास स्थित कैलाश हाउसिंग में रिटायर्ड GST अधिकारी शक्ति सिंह के आवास पर CBI ने छापेमारी की. टीम दस्तावेजों, बैंक खातों और कथित बेनामी संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है.”

Bokaro: चीरा चास थाना क्षेत्र स्थित कैलाश हाउसिंग में मंगलवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम ने छापेमारी की. कार्रवाई आवास संख्या-53 में रहने वाले रिटायर्ड GST अधिकारी शक्ति सिंह के घर पर की गई. उनके आवास के बाहर भारत सरकार के अधीक्षक का बोर्ड लगा हुआ है. स्थानीय लोगों ने शक्ति सिंह के बारे में ज्यादा जानकारी देने से परहेज किया. बताया जा रहा है कि वे बिहार में लंबे समय तक GST विभाग में पदस्थापित रहे और करीब दो वर्ष पहले सेवानिवृत्त हुए थे.
सूत्रों के अनुसार, CBI की टीम घर के अंदर मौजूद दस्तावेजों, बैंक खातों और कथित बेनामी संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है. हालांकि एजेंसी की ओर से फिलहाल छापेमारी के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. मीडिया से भी CBI अधिकारियों ने दूरी बनाए रखी है.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई शक्ति सिंह के सेवाकाल के दौरान कथित आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने या किसी पुराने वित्तीय अनियमितता के मामले से जुड़ी हो सकती है. हालांकि CBI ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. मामले को लेकर जांच जारी है और एजेंसी की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण की स्पष्ट जानकारी सामने आने की संभावना है.

