बोकारो: चॉकलेट मांग रहे मासूम को मामा ने थमा दी पिस्तौल, गोली लगने से साढ़े तीन साल के साहिल की मौत
बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र में दर्दनाक घटना सामने आई है. चॉकलेट मांग रहे साढ़े तीन साल के साहिल राम को कथित तौर पर उसके मामा ने खेलने के लिए पिस्तौल थमा दी. इसी दौरान गोली चलने से मासूम की मौत हो गई.

Report- Niraj Singh
Bokaro: बोकारो में एक मामा की लापरवाही ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं. महज साढ़े तीन साल का साहिल राम अपने मामा से चॉकलेट मांग रहा था, लेकिन आरोप है कि मामा ने उसे खेलने के लिए पिस्तौल दे दी. कुछ ही पल बाद गोली चली और मासूम की जिंदगी खत्म हो गई. जिस घर में बच्चे की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा है. दिल दहला देने वाली घटना बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र स्थित कर्नल मार्केट के रांची मोहल्ले की है. गोली साहिल के सिर में लगी, जिसके बाद परिजन उसे बचाने के लिए अस्पताल लेकर दौड़े. पहले बोकारो जनरल अस्पताल और फिर चास के मुस्कान अस्पताल में उसे ले जाया गया. लेकिन मासूम को बचाया नहीं जा सका. घटना के बाद पुलिस ने पिस्तौल जब्त कर जांच शुरू कर दी है. वहीं, मामा के फरार हो गया है.
चॉकलेट की जिद के बीच हाथ में पहुंचा हथियार, फिर मची चीख-पुकार
परिजनों के अनुसार, साहिल अपने मामा राजेश कुमार से चॉकलेट मांग रहा था. इसी दौरान राजेश ने उसे खेलने के लिए पिस्तौल दे दी. मासूम उसे खिलौना समझकर खेलने लगा, तभी अचानक गोली चल गई. गोली सीधे उसके सिर में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई. परिजन बिना देर किए उसे अस्पताल लेकर पहुंचे. पहले बोकारो जनरल अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया, इसके बाद चास स्थित मुस्कान अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद साहिल की जान नहीं बच सकी. बच्चे की मां के मुताबिक, उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि बच्चे के हाथ में दी गई पिस्तौल असली है.
पिस्तौल जब्त, मामा की भूमिका और हथियार के स्रोत की जांच
माराफारी थाना पुलिस ने पिस्तौल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद से मामा राजेश कुमार के फरार होने की बात कही जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पिस्तौल कहां से आई, किसके पास थी और गोली चलने की असल परिस्थिति क्या थी. मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों के आधार पर की जाएगी. इस दर्दनाक घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर इतनी छोटी उम्र के बच्चे के हाथ में पिस्तौल पहुंची कैसे? हथियार को सुरक्षित रखने में किस स्तर पर चूक हुई? और इस हादसे की जिम्मेदारी किसकी होगी? इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे. फिलहाल, साहिल की मौत से पूरा परिवार सदमे में है और इलाके में घटना को लेकर शोक का माहौल है.


